मुंबई में बड़ी साजिश का खुलासा, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर को भेजी जा रही थी रेकी की जानकारी
नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध आतंकी साजिश मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जांच तेज कर दी है। दिल्ली स्पेशल सेल की तीन टीम महाराष्ट्र में सर्च ऑपरेशन कर मुंबई और मुंब्रा से दो को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने मुंबई के भीड़भाड़ वाले इलाकों, दादर स्टेशन और कई प्रमुख पुलों की रेकी कर तस्वीरें पाकिस्तान में बैठे हैंडलर मुन्ना झिंगड़ा को भेजी थीं।
पाकिस्तान आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क मामले की जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली स्पेशल सेल की तीन टीम महाराष्ट्र में छानबीन में जुटी हुई हैं।
अधिकारी ने बताया कि एक टीम बांद्रा, दूसरी टीम मीरा रोड और तीसरी टीम कुर्ला में सर्च ऑपरेशन कर रही है।
अधिकारी के अनुसार, मुंबई और मुंब्रा से गिरफ्तार आरोपियों ने दादर स्टेशन के आसपास का भीड़भाड़ वाले इलाके की रेकी की थी। इसके अलावा कई बड़े ब्रिज की भी रेकी की थी, जहां ज्यादा भीड़ होती है।
मुंबई से गिरफ्तार एक आरोपी पाकिस्तान में बैठे मुन्ना झिंगड़ा नाम के शख्स के संपर्क में था और रेकी वाली जगह-जगह के फोटो निकाल कर उसे भेज रहा था। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा करते हुए बताया कि उनका इरादा कुछ इतना बड़ा करने का था कि भविष्य में लोग याद रखें।
इससे पहले भी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े एक मॉड्यूल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया था।
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय था और सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों के जरिए लोगों को अपने संपर्क में ला रहा था।
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान देशभर में करीब 600 ऐसे लोगों की पहचान की गई है, जो किसी न किसी माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे। एजेंसियां अब इन सभी लोगों की गतिविधियों, संपर्कों और उनके संभावित संबंधों की गहन जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन लोगों का नेटवर्क किस स्तर तक फैला हुआ था और इनके पीछे क्या उद्देश्य था।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम