मुंबई: कुर्ला में एक इमारत में आग लगने से 9 का दम घुटा, राजावाड़ी अस्पताल कराया गया भर्ती
मुंबई, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई के कुर्ला में सुबह 7 बजे के आसपास उस वक्त दहशत फैल गई, जब एक 13 मंजिला इमारत में आग लगने की घटना सामने आई। कोहिनूर स्कूल के पास एचडीआईएल बिल्डिंग नंबर 5 में आग लगने की घटना हुई। आग ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर 12 मंजिलों वाली इस इमारत में इलेक्ट्रिक डक्ट के अंदर की वायरिंग, बिजली के इंस्टॉलेशन और अलग-अलग मंजिलों पर लगे लोहे के दरवाजों तक फैली।
जानकारी होते ही मौके पर बीएमसी का एमएफबी, पुलिस, 108 एम्बुलेंस, और बीएमसी का वार्ड स्टाफ पहुंचे। आग के धुएं की वजह से 9 लोगों का दम घुटने से राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजावाड़ी अस्पताल के संबंधित मेडिकल ऑफिसर (एमओ) से मिली जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय ईशान अहमद, 5 वर्षीय मुहम्मद शेख, 27 वर्षीय फरीना बानो, 65 वर्षीय एजाज अहमद, 18 वर्षीय फरीन शेख, 14 वर्षीय नादया शेख, 45 वर्षीय कलीमा साहा और 17 वर्षीय अलीना शेख का दम घुटने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 55 वर्षीय जाहेद अली शेख के दाहिने पैर में चोट आई है। जाहेद को भी अस्पताल में भर्ती हैं और हालत स्थिर है।
बीते दिन सोमवार को मुंबई के बोरीवली इलाके में सैफरन बिल्डिंग के एक फ्लैट में आग लग गई थी। मुंबई दमकल विभाग की ओर से जानकारी दी गई थी कि आग की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू की थीं। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं थी।
इससे पहले 14 अक्टूबर को भी नाला सोपारा में एक इमारत, 'इंपीरियल हाइट्स,' में आग लग गई थी। आग से बचने के लिए लोग इमारत के बाहरी छज्जों पर खड़े हो गए। दमकलकर्मी क्रेन और ऊंची सीढ़ियों की मदद से उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि पुलिस और आपातकालीन टीमें भी मौके पर मौजूद हैं।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम