☰
×

मुंबई के वडाला में तीन लोगों ने की तीन राउंड फायरिंग, तीनों आरोपी हिरासत में

 

मुंबई, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई के वडाला पश्चिम इलाके में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। एआईएसएचई कॉलेज के पास, चार रास्ता स्थित आरए किदवई रोड पर ओला कार से आए तीन लोगों ने सड़क पर जा रहे एक युवक पर तीन राउंड फायरिंग की।

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपी ओला कार से घटनास्थल पर पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने सड़क पर जा रहे एक युवक पर तीन राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से आसपास मौजूद लोग घबरा गए। अपनी जान बचाने के लिए युवक इधर-उधर भागने लगा। गनीमत रही कि इस घटना में युवक को कोई चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गया।

घटना की सूचना मिलते ही माटुंगा पुलिस, क्राइम ब्रांच यूनिट-4 और पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जोन-4 अनुराग जैन मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किस वजह से की गई और आरोपियों का पीड़ित युवक से क्या संबंध था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के समय ओला कार का चालक भी मौके पर मौजूद था। हालांकि, चालक ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। पुलिस चालक से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार कहां से आए और आरोपियों ने युवक पर गोलीबारी क्यों की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अचानक हुई फायरिंग पर युवक ने मौके से भागकर अपनी जान बचा ली और उसे एक भी गोली नहीं लगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि युवक इस हमले में सुरक्षित बच गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग के पीछे की असली वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

--आईएएनएस

एसएके/एएस