मुंबई के ज्वेलर्स से साढ़े चार करोड़ के सोने की हेराफेरी, पश्चिम बंगाल से आरोपी तन्मय मैती गिरफ्तार
मुंबई, 26 मई (आईएएनएस)। मुंबई में करोड़ों रुपए के सोने की कथित हेराफेरी के मामले में शिवाजी नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार आरोपी तन्मय मैती (30) को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी को 30 मई तक ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में प्रभादेवी निवासी तथा झवेरी बाजार के ज्वेलर्स कारोबारी संजय मगराज जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी तन्मय मैती पिछले कई वर्षों से ज्वेलर्स के लिए सोने के आभूषण तैयार करने का काम करता था। अपने व्यवहार और कामकाज के जरिए उसने कारोबारियों का विश्वास जीत लिया था। इसी भरोसे के चलते उसे बड़ी मात्रा में सोना आभूषण बनाने के लिए सौंपा जाता था।
पुलिस के मुताबिक, 14 और 15 मई 2026 को संजय जैन ने अपने कर्मचारियों के माध्यम से कुल 2.25 किलोग्राम 24 कैरेट सोना दादर स्थित आरोपी के कारखाने में भेजा था। इस सोने की कीमत करीब 3 करोड़ 53 लाख 70 हजार रुपए बताई गई है।
20 मई को जब ज्वेलरी की डिलीवरी को लेकर आरोपी से संपर्क किया गया, तब उसने जल्द ही तैयार माल देने का आश्वासन दिया। हालांकि, 22 मई को शिकायतकर्ता को पता चला कि आरोपी ने अपना कारखाना बंद कर दिया है और वह फरार हो चुका है। इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला, जिससे शक और गहरा गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने अन्य ज्वेलर्स को भी कथित तौर पर निशाना बनाया है। इसके अलावा दादर स्थित पांडुरंग हरी वैद्य एंड सन्स ज्वेलर्स सहित कई दुकानों से लगभग 12 लाख रुपए मूल्य के सोने की हेराफेरी का मामला भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर कुल 4 करोड़ 51 लाख 85 हजार 333 रुपए मूल्य के लगभग 2.959 किलोग्राम सोने की हेराफेरी का आरोप है। मामला दर्ज होने के बाद शिवाजी नगर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित तौर पर हेराफेरी किया गया सोना कहां खपाया गया और इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम