×

मुंबई-गोवा हाईवे पर परशुराम घाट में केमिकल टैंकर दुर्घटनाग्रस्त, चालक की मौके पर मौत

 

रत्नागिरी, 28 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के चिपलून के पास परशुराम घाट क्षेत्र में मुंबई-गोवा हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक टैंकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार को दोपहर करीब 1 बजे हुआ, जब केमिकल से भरा एक टैंकर हाईवे के ढलान वाले परशुराम घाट मार्ग से नीचे की ओर जा रहा था।

प्राप्त शुरुआती जानकारी के अनुसार, टैंकर लोटे से गोवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान परशुराम घाट के खतरनाक मोड़ पर अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ढलान और तेज रफ्तार के कारण वह नियंत्रण खो बैठा और टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसा इतना भीषण था कि टैंकर चालक वाहन के नीचे दब गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास मौजूद लोग भी दहशत में आ गए। दुर्घटना के बाद टैंकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके साथ ही चिपलून नगर परिषद की फायर ब्रिगेड टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। टीम ने यह सुनिश्चित किया कि केमिकल टैंकर से कोई और खतरा न फैले, इसलिए इलाके को सावधानी के साथ सुरक्षित किया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मुंबई-गोवा हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी और घाट क्षेत्रों में वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

--आईएएनएस

एसएचके/एबीएम