×

मुंबई क्राइम ब्रांच का बड़ा खुलासा: 5 वर्ष पुराने दोस्त की हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

 

मुंबई, 11 जून (आईएएनएस)। मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 5 वर्ष पुराने दोस्त की हत्या मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस सनसनीखेज मर्डर मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 7 ने सिंधुदुर्ग जिले के कुडाल में पांच वर्ष पहले एक युवक की हुई हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए उसके 4 दोस्तों को हिरासत में लिया।

इस मामले में आरोपियों ने पहले अपने ही वर्षों पुराने दोस्त की हत्या करने के बाद उसके शव और उसकी मोटरसाइकिल को फोंडा घाट की गहरी खाई में फेंक दिया और फिर इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। अपराधियों ने हत्या को सड़क हादसे बनाने का झूठा ड्रामा रचा, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अशपाक मुलाणी उर्फ निहाल, निवासी मालशिरस, जिला सोलापुर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का दर्ज किया गया था, लेकिन मुंबई क्राइम ब्रांच को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मामले की दोबारा जांच शुरू की गई।

घटना की जांच और पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पैसों के लेनदेन को लेकर दोस्त से हुए विवाद के चलते उन्होंने सिंधुदुर्ग के कुडाल स्थित एक होटल में अशपाक मुलाणी उर्फ निहाल को बुलाया और फिर देर रात सभी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसी के साथ सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव तथा उसकी मोटरसाइकिल को फोंडा घाट की गहरी खाई में फेंक दिया, ताकि मामला सड़क हादसा लगे।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश चंद्रहास सोनावडेकर, मनोज नारायण भंडगे, अतिश भगवान मोरे और ऋतुराज शेट्टी के रूप में हुई है। यह मामला मूलरूप से सिंधुदुर्ग के कणकवली पुलिस स्टेशन में दर्ज था। वहीं, गिरफ्तार सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कणकवली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी