Mumbai Airport Alert: 25 अक्टूबर से बंद हो रहा है Terminal 1, जानिए अब कहाँ से मिलेगी आपकी फ्लाइट
मुंबई से फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 से 25 अक्टूबर 2026 के बाद उड़ानें ऑपरेट नहीं होंगी। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड यानी MIAL ने टर्मिनल-1 को बंद करने का ऐलान किया है।टर्मिनल-1 को बड़े स्तर पर रीडेवलप किया जाना है। इस प्रोजेक्ट का काम जनवरी 2027 से शुरू होने की योजना है और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी AAI के निर्देशों के तहत इसे आगे बढ़ाया जा रहा है।
करीब 4 साल तक बंद रह सकता है Terminal 1
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टर्मिनल-1 का रीडेवलपमेंट पूरा होने में कई साल लग सकते हैं। इसके चलते यह टर्मिनल 2029-30 तक बंद रह सकता है। यानी 25 अक्टूबर से यहां से करीब चार साल तक उड़ानों का संचालन प्रभावित रह सकता है।टर्मिनल-1 से ऑपरेट होने वाली उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट या मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 पर शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। कुछ सेवाओं को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी ट्रांसफर किया जा सकता है।
रोज करीब 950 फ्लाइट्स होती हैं ऑपरेट
मुंबई एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में शामिल है। यहां से फिलहाल हर दिन करीब 950 फ्लाइट्स ऑपरेट होती हैं। एयरपोर्ट के दोनों टर्मिनलों से कुल 53 इंटरनेशनल और 7 घरेलू एयरलाइंस अपनी सेवाएं संचालित करती हैं।वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 1.5 करोड़ यात्रियों ने टर्मिनल-1 से यात्रा की थी, जबकि टर्मिनल-2 से करीब 4 करोड़ यात्रियों ने सफर किया।
84 साल पुराना है Terminal 1
मुंबई एयरपोर्ट का टर्मिनल-1 करीब 84 साल पुराना है। एयरपोर्ट टैरिफ और सर्विस चार्ज को रेगुलेट करने वाली AERA ने इसके रीडेवलपमेंट के तहत पुराने टर्मिनल को गिराने के निर्देश दिए थे।इस प्रोजेक्ट को पहले 2025 के मध्य में शुरू करने की योजना थी, लेकिन उड़ानों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए पर्याप्त वैकल्पिक एयरपोर्ट सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पाया।अब नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विकल्प के तौर पर उपलब्ध होने के बाद टर्मिनल-1 के रीडेवलपमेंट का रास्ता साफ हुआ है।
यात्रियों पर क्या पड़ेगा असर?
टर्मिनल-1 बंद होने के बाद कई घरेलू उड़ानों को टर्मिनल-2 पर शिफ्ट किया जा सकता है। वहीं T2 से ऑपरेट होने वाली कुछ इंटरनेशनल उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर भेजे जाने की संभावना है।एयरलाइन कंपनियों ने भी अपने ऑपरेशन्स को नए सिरे से व्यवस्थित करना शुरू कर दिया है। अकासा एयर ने अपने कुछ ऑपरेशन्स को शिफ्ट करना शुरू कर दिया है, जबकि अन्य एयरलाइंस के साथ भी बातचीत चल रही है।इसलिए अगर आप 25 अक्टूबर के बाद मुंबई से फ्लाइट लेने वाले हैं, तो टिकट बुक करने से पहले अपनी एयरलाइन से टर्मिनल और एयरपोर्ट की जानकारी जरूर चेक करें।