मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में बिजली सप्लाई शुरू
मुंबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए एक अहम पड़ाव के रूप में, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) सिस्टम को 20 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक चालू (एनर्जाइज) कर दिया गया है।
सुरक्षा और तय प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी टीमों की कड़ी निगरानी में छोटे-छोटे हिस्सों में चरणबद्ध तरीके से बिजली सप्लाई शुरू की जाएगी।
इस सेक्शन में एलिवेटेड अलाइनमेंट (ऊंचे मार्ग) पर 'अप' और 'डाउन' दोनों लाइनें शामिल हैं। यह इस परियोजना के लिए आगे की टेस्टिंग गतिविधियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में एक एडवांस्ड '2 × 25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम' लगाया गया है। यह दुनिया भर में हाई-स्पीड रेल प्रणालियों के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सबसे आधुनिक विद्युतीकरण तकनीकों में से एक है।
इस विद्युतीकरण नेटवर्क में 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर रणनीतिक रूप से स्थित 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन (टीएसएस) शामिल हैं। ये सबस्टेशन नेशनल ग्रिड से बिजली प्राप्त करेंगे और इसे हाई-स्पीड ट्रेनों द्वारा उपयोग किए जाने वाले ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम को सप्लाई करेंगे।
गुजरात के नवसारी जिले के बिलिमोरा में स्थित पहले ट्रैक्शन सबस्टेशन में कंट्रोल पैनल, चेंजओवर स्विच, ट्रांसफॉर्मर और सर्किट ब्रेकर बिल्डिंग्स में इंस्टॉलेशन का काम पूरा हो चुका है।
गुजरात में स्थित ये टीएसएस, गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (डीईटीसीओ) के 220 केवी अंभेता ग्रिड सबस्टेशन से बिजली प्राप्त करेंगे।
सुरक्षित और विश्वसनीय संचालन सुनिश्चित करने के लिए, पूरे इलेक्ट्रिकल नेटवर्क की निगरानी एक सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से की जाएगी।
सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में दोनों स्टेशनों के बीच लगभग 50 किलोमीटर का एलिवेटेड अलाइनमेंट (ऊंचाई पर बना मार्ग) शामिल है। इस मार्ग में चार नदियों पर बने पुल और नेशनल हाईवे 53 (एनएच-53) के ऊपर बना एक स्टील का पुल शामिल है। आसपास के इलाकों में शोर के प्रभाव को कम करने के लिए, इस वायडक्ट (ऊंचे मार्ग) पर लगभग 94,000 नॉइज बैरियर भी लगाए गए हैं।
ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम में बिजली चालू होने के कारण, इस मार्ग के आसपास रहने वाले लोगों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और आम जनता को सख्त सलाह दी जाती है कि वे ओवरहेड इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन के पास न जाएं, उन्हें न छुएं और न ही उनके पास कोई अनधिकृत (बिना अनुमति वाला) काम करें।
--आईएएनएस
एमएस/