सीएम विष्णु देव साय ने राज्यपाल रमेन डेका से की भेंट, असम बाढ़ पीड़ितों के लिए 5 करोड़ रुपए की सहायता राशि सौंपी
रायपुर, 15 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं, वहीं राज्यपाल ने भी मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से 5 करोड़ रुपए की सहायता राशि का चेक राज्यपाल रमेन डेका को सौंपा। यह राशि असम के बाढ़ प्रभावित परिवारों के राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के उद्देश्य से प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री साय ने असम में बाढ़ से हुई जन-धन की हानि पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि संकट के समय एक-दूसरे की सहायता करना देश की एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।
गौरतलब है कि राज्यपाल रमेन डेका 16 अगस्त को असम के दौरे पर जाने वाले हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा सौंपी गई सहायता राशि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों में उपयोग की जाएगी।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोकभवन में आयोजित समारोह में भी शामिल हुए। सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि स्वतंत्रता दिवस की पावन संध्या पर आज राज्यपाल रमेन डेका द्वारा लोकभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ सम्मिलित हुआ। राष्ट्रप्रेम और गौरव से ओतप्रोत इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू जी, मंत्रिमंडल के साथीगण, जनप्रतिनिधिगण तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों की उपस्थिति रही।
सीएम ने आगे लिखा कि स्वतंत्रता दिवस का यह पावन पर्व हम सभी को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा देता है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी