×

मुख्यमंत्री माझी ने 17 सीआईडीसी विश्वकर्मा पुरस्कार मिलने पर जताई खुशी, कहा- 'हम विकसित ओडिशा के संकल्प पर अडिग'

 

भुवनेश्वर, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर 17 सीआईडीसी विश्वकर्मा पुरस्कार मिलने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और डबल इंजन सरकार के मार्गदर्शन में हम एक विकसित और समृद्ध ओडिशा के निर्माण के अपने संकल्प पर दृढ़ हैं।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "ओडिशा के लिए यह बड़े गर्व की बात है कि उसे राष्ट्रीय स्तर पर 17 सीआईडीसी विश्वकर्मा पुरस्कार मिले हैं। यह इंजीनियरिंग में उत्कृष्टता और सुशासन के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"

उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। इसके साथ ही, सीएम माझी ने राज्य सरकार के विभागों की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने पोस्ट में लिखा, "मुझे इस बात की खुशी है कि हमारे राज्य सरकार के विभागों ने इन पुरस्कारों में से 10 पुरस्कार हासिल किए हैं। जल संसाधन विभाग ने सिंचाई और जल प्रबंधन की अपनी बेहतरीन परियोजनाओं के लिए 5 पुरस्कार जीते हैं, जो ग्रामीण आजीविका को मजबूत करती हैं और हमारे किसानों को सशक्त बनाती हैं। मैं कार्य और खेल विभागों की भी सराहना करता हूं, जिन्होंने आधुनिक स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचे और विश्व स्तरीय खेल सुविधाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।"

सीएम मोहन चरण माझी ने आगे लिखा, "मैं उन सभी पुरस्कार विजेताओं को अपनी हार्दिक बधाई देता हूं, जिनका समर्पण ओडिशा के विकास और बदलाव की प्रक्रिया को लगातार आगे बढ़ा रहा है।"

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री माझी ने इंजीनियरों, वास्तुकारों और श्रमिकों को आधुनिक युग के विश्वकर्मा बताया। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "ये सम्मान वास्तव में हमारे इंजीनियरों, वास्तुकारों और श्रमिकों के हैं, जो आज के 'विश्वकर्मा' हैं, और जो एक 'समृद्ध ओडिशा' का निर्माण कर रहे हैं। साथ ही, 'विकसित भारत' में अपना योगदान दे रहे हैं।"

सीएम माझी ने अपनी पोस्ट के आखिर में लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 'डबल इंजन सरकार' के विजन से प्रेरित होकर हम एक विकसित और समृद्ध ओडिशा के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर पूरी तरह से अडिग हैं।"

--आईएएनएस

डीसीएच/