मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने रांची में किया प्रदर्शन
रांची, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को रांची में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय का घेराव किया। संगठन ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय के बाहर लगे बोर्ड पर कालिख पोत दी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस-प्रशासन के बीच झड़प भी हुई। प्रदर्शन का नेतृत्व झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर जुटे और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम शक्ति जनता के मत की है और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा निष्पक्षता बनाए रखना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर राजनीतिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़े फैसलों और प्रक्रियाओं को लेकर विपक्षी दलों और आम मतदाताओं के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। संगठन ने निर्वाचन आयोग से चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मामलों में स्पष्टता बरतने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि जनता के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि मतदाताओं के अधिकारों के साथ किसी तरह का खिलवाड़ होता है तो संगठन उसका विरोध करेगा।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस के रांची महानगर अध्यक्ष कुमार राजा ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध दर्ज कराने का अधिकार सभी राजनीतिक दलों को है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब पारदर्शिता और संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से दिया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान चुनाव आयोग कार्यालय के आसपास सुरक्षा के लिए बड़ी तादाद में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी