×

मुझे भरोसा है श्रेयस अय्यर पिछले सीजन वाला प्रदर्शन दोहराने में सफल रहेंगे: इरफान पठान

 

नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। भारत के पूर्व ऑल-राउंडर इरफान पठान ने भरोसा जताया कि पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पिछले सीजन का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में भी दोहराने में सफल रहेंगे। अय्यर ने आईपीएल 2025 में खेले 17 मुकाबलों में 175 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 604 रन बनाए थे।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन पिछले सीजन में शानदार रहा था। पंजाब की टीम फाइनल तक का सफर तय करने में सफल रही थी। आईपीएल 2026 के लिए हुए ऑक्शन में पंजाब ने कूपर कोनोली और बेन ड्वारशुइस को अपनी टीम में शामिल किया है। पठान का मानना है कि अय्यर अपनी काबिलियत साबित कर चुके हैं और उनके पास इस सीजन दमदार प्रदर्शन करते हुए भारत की टी20 टीम में जगह बनाने का बढ़िया मौका होगा।

पठान ने 'जियोस्टार' से कहा, "मुझे पक्का नहीं पता है कि श्रेयस अय्यर आईपीएल को टी20 टीम में वापसी के लिए खुद को साबित करने के स्टेज के तौर पर इस्तेमाल करने के बारे में सोच रहे होंगे। अय्यर ने पंजाब किंग्स के लिए टी20 क्रिकेट में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, हां, यह एक अलग फ्रेंचाइजी थी, लेकिन उन्होंने भारतीय टीम के लिए भी बढ़िया प्रदर्शन करके दिखाया है। जहां तक भारतीय टीम की बात है, तो वह वनडे क्रिकेट में बहुत महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। मुझे लगता है कि टीम इंडिया के टी20 सेटअप में उनके लिए जगह है और वह इस बात को जानते हैं।"

पठान ने पिछले सीजन के प्लेऑफ में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अय्यर के यादगार प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा, "मुंबई के खिलाफ क्वालीफायर में खेली गई वह पारी, मुझे अभी भी बुमराह के खिलाफ उनका वह थर्ड मैन की दिशा में खेला गया शॉट याद है। मैं यह एक बार देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं कि क्या वह इस सीजन में भी वही प्रदर्शन दोहरा सकते हैं। मुझे विश्वास है कि वह ऐसा करेंगे।"

पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने पंजाब टीम को काफी संतुलित बताया। उन्होंने कहा कि श्रेयस अय्यर, प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य के होने से टीम का टॉप ऑर्डर काफी मजबूत नजर आ रहा है। पठान ने कहा कि टीम के पास मध्यक्रम में नेहल वढेरा और शशांक सिंह के रूप में दो बढ़िया बल्लेबाज हैं, जबकि फिनिशर के तौर पर पंजाब के पास मार्कस स्टोइनिस मौजूद हैं।

पठान ने कहा कि मिचेल ओवेन की फॉर्म पंजाब के लिए काफी मायने रखेगी। उन्होंने कहा, "पंजाब मिचेल ओवेन पर भरोसा करने की कोशिश कर रहे हैं। ओवेन असल में एक पावरहाउस हैं। अगर वह चल गए, तो टीम के लिए तेज गेंदबाजों और बाकी लाइनअप को चुनना ज्यादा मुश्किल नहीं होगा। मेरी नजर में इस टीम के तेज गेंदबाज के तौर पर अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन और मार्को जानसेन सबसे अच्छे विकल्प होंगे। पंजाब के पास अच्छे बैकअप खिलाड़ी भी हैं।" आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स अपने अभियान का आगाज 31 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ करेगी।

--आईएएनएस

एसएम/एएस