एमएस आपके साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करके बहुत खुशी मिली: सचिन तेंदुलकर
नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास ले लिया है। माही अब 2027 के सीजन से इस फ्रेंचाइजी के साथ टीम मेंटॉर के रूप में एक नए सफर की शुरुआत करेंगे। महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, पूर्व कप्तान धोनी के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करके और कुछ सबसे यादगार पलों का हिस्सा बनकर बेहद खुश हैं।
सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "मुझे आज भी याद है कि जब मैंने बांग्लादेश में एमएस को बल्लेबाजी करते देखा था तो मैंने सौरव से कहा था कि उनकी पावर हिटिंग में कुछ खास बात है। साफ पता चलता था कि उनमें कोई अनोखी प्रतिभा है, और फिर उनका सफर कितना शानदार रहा। आपके साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना और भारतीय क्रिकेट के कुछ सबसे यादगार पलों का हिस्सा बनना, सच में बहुत खुशी की बात रही। मुझे हमेशा से यकीन था कि आप कुछ खास करेंगे, और आपने तो उम्मीद से कहीं ज्यादा हासिल किया। आपने भारतीय क्रिकेट को अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। आपके साथ इस सफर को साझा करना बहुत शानदार रहा। बहुत बढ़िया खेले, एमएस।"
45 वर्षीय विकेटकीपर धोनी ने बतौर कप्तान चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 5 बार आईपीएल खिताब जिताया, जो मुंबई इंडियंस (एमआई) के रिकॉर्ड की बराबरी है। धोनी ने 200 से अधिक आईपीएल मुकाबलों में टीम की कप्तानी की है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान, आईपीएल के 212 मुकाबलों में कप्तानी करने वाले और उनमें से 128 मुकाबलों में जीत दर्ज करने वाले पहले खिलाड़ी हैं। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में खिताब जीता है।
एक कप्तान के तौर पर अपनी काबिलियत के अलावा, धोनी इस लीग के इतिहास के सबसे महान बल्लेबाजों में से एक हैं। वे सुपर किंग्स के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं (5,314 रन) और 272 मुकाबलों के साथ चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी/डीकेपी