एमपीएल टी20 सिंधिया कप 2026 के लिए भोपाल वॉल्व्स ने किया महिला टीम का ऐलान
भोपाल, 30 मई (आईएएनएस)। भोपाल वॉल्व्स ने मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप के आगामी सीजन के लिए महिला टीम का ऐलान कर दिया है। संस्कृति गुप्ता और आयुषी शुक्ला के रूप में टीम में दो बड़े चेहरों को जगह दी गई है।
भोपाल वॉल्व्स के रूपेश किरार ने टीम पर भरोसा दिखाते हुए कहा, “हमने एक ऐसी टीम बनाई है जिसमें अनुभव, ऊर्जा और बहुत सारा युवा टैलेंट है। कैंप का माहौल बहुत सकारात्मक है, और खिलाड़ी इस सीजन में अटैकिंग और निडर क्रिकेट खेलने के लिए उत्सुक हैं। एमपीएल क्रिकेटरों के लिए अपना टैलेंट दिखाने, आत्मविश्वास हासिल करने और अपना नाम बनाने का एक शानदार प्लेटफॉर्म बन गया है।"
भोपाल वॉल्व्स टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज डेली कॉलेज के मैदान पर 4 जून को बुंदेलखंड बुल्स के खिलाफ करेगी। मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप का नया सीजन 3 जून से शुरू हो रहा है, जिसमें पुरुषों के टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में ग्वालियर चीताज का सामना उज्जैन फाल्कन्स से होगा। यह मैच इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाना है। एमपीएल 2026 अब तक का टूर्नामेंट का सबसे बड़ा संस्करण होगा, जिसमें 10 पुरुषों और 5 महिलाओं की टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।
पुरुषों की प्रतियोगिता में तीन नई फ्रेंचाइजी जोड़ी गई हैं, जिसमें मालवा स्टैलियंस, उज्जैन फाल्कन्स और रॉयल निमाड़ ईगल्स हैं। डिफेंडिंग चैंपियन भोपाल लेपर्ड्स के साथ बुंदेलखंड बुल्स, चंबल घड़ियाल, ग्वालियर चीताज, इंदौर पिंक पैंथर्स, जबलपुर रॉयल लायंस और रीवा जगुआर टूर्नामेंट में अपना दमखम दिखाती हुई नजर आएंगी।
पिछले सीजन भोपाल लेपर्ड्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चंबल घड़ियाल को फाइनल में 2 विकेट से हराते हुए खिताब को अपने नाम किया था। महिलाओं की प्रतियोगिता भी ग्वालियर शेरनीज और रॉयल निमाड़ ईगल्स के जुड़ने से टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ेगा। वे पांच टीमों के टूर्नामेंट में भोपाल वॉल्व्स, बुंदेलखंड बुल्स और चंबल घड़ियाल के साथ मुकाबला करेंगी।
भोपाल वुल्व्स महिला टीम का स्क्वाड: संस्कृति गुप्ता, हंसिखा किरार, आयुषी शुक्ला, प्रियंका कौशल, तमन्ना चौधरी, वैष्णवी व्यास, वंशिका प्रजापति, अंशुला राव, जान्हवी राजपूत, रीना यादव, ऋषिता परिहार, काजल, रोशनी कुमारी, अंजलि पाटीदार, सान्वी भावसार।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम