एमपी बोर्ड : 12वीं में कॉमर्स स्ट्रीम से खुशी राय बनी टॉपर, अब सीए बनना लक्ष्य
भोपाल, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपीबीएसई) ने बुधवार सुबह 11 बजे कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक समारोह में स्कूली शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों की मौजूदगी में हायर सेकेंडरी और हाईस्कूल परीक्षा के नतीजे घोषित किए।
इस साल एमपी बोर्ड 12वीं में 76.01% और 10वीं में 73.42% छात्र पास हुए हैं। परीक्षा में छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है। छात्राएं 79.41% से छात्रों के 72.39% से आगे रहीं। वहीं, इस वर्ष सरकारी विद्यालयों के नतीजे प्राइवेट विद्यालयों से बेहतर रहे। शासकीय विद्यालयों का कुल परीक्षाफल 80.43 प्रतिशत रहा जबकि अशासकीय विद्यालयों का 69.67 प्रतिशत।
एमपीबीएसई की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों में एक नाम खुशी राय का हैं, जो कॉमर्स स्ट्रीम से मध्य प्रदेश की 12वीं कक्षा की टॉपर बनी हैं। परिणाम जारी होने के बाद खुशी समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहती हैं, "मैं अपने इस प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। मुझे इस सफलता से बहुत प्रेरणा मिली है क्योंकि मुझे अपनी मेहनत का फल मिला है।"
उन्होंने आगे के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा, "मैं चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनना चाहती हूं।" खुशी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ शिक्षकों को दिया है, जिन्होंने हर कदम पर उनका सहयोग और समर्थन किया। इसी के साथ उन्होंने अपने जूनियर्स को सलाह दी कि कई बार ऐसा होता है कि हम बहुत मेहनत करते हैं लेकिन परिणाम उस हिसाब से नहीं आता। ऐसे में आपको निराश नहीं होना है। अपने मनोबल को बनाए रखते हुए आपको लक्ष्य की प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करते रहना है।
पीएम मोदी के 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि ये मेरे लिए बहुत मददगार साबित हुआ। मुझे इससे काफी मोटिवेशन मिला।
बता दें, इस साल मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के रिजल्ट पिछले साल की तुलना में बेहतर हैं। बैच 2025 में रेगुलर स्टूडेंट्स का पास प्रतिशत 74.48% था, जो 2026 में बढ़कर 76.01% हो गया है। वहीं, छात्र अपना रिजल्ट एमपीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर के माध्यम से देख सकते हैं।
--आईएएनएस
डीके/पीएम