☰
×

एमपी: अखाड़े में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप, कुश्ती कोच गिरफ्तार

 

इंदौर, 27 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक पारंपरिक कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र (अखाड़े) में 14 वर्षीय लड़के के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने एक कोच को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनीष सेन के रूप में हुई है, जो सदर बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस अखाड़े में बच्चों को प्रशिक्षण दे रहा था।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 'प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज' (पॉक्सो) एक्ट और अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमरेंद्र सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि शिकायतकर्ता एक नाबालिग है, जो इस केंद्र में कुश्ती का प्रशिक्षण लेता था। यहां कई बच्चे कुश्ती और अन्य पारंपरिक शारीरिक गतिविधियों का प्रशिक्षण लेते हैं।

अमरेंद्र सिंह ने कहा, "नाबालिगों सहित कई बच्चे कुश्ती और अन्य पारंपरिक शारीरिक गतिविधियां सीखने के लिए अखाड़े में आते हैं। उन्हें प्रशिक्षण देने के काम में कई लोग शामिल हैं।" उन्होंने बताया कि नाबालिग ने आरोप लगाया है कि उसके साथ एक ऐसी घटना हुई है, जो 'पॉक्सो एक्ट' के तहत अपराध की श्रेणी में आती है।

अतिरिक्त डीसीपी ने कहा, "शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एक 'संज्ञेय अपराध' दर्ज किया गया है। आरोपी मनीष, जो अखाड़े में बच्चों को प्रशिक्षण दे रहा था, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।"

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस कथित घटना की परिस्थितियों का पता लगाने और मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

'संज्ञेय अपराध' वे गंभीर अपराध होते हैं, जिनमें पुलिस बिना वारंट के आरोपी को गिरफ्तार कर सकती है और मजिस्ट्रेट की अनुमति के बिना भी जांच शुरू कर सकती है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएसवाई) के तहत इन मामलों में पुलिस के लिए प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करना अनिवार्य होता है।

--आईएएनएस

आरएसजी/डीकेपी