मॉस्को में प्रदर्शित हुई चीन की पहली 8के अंतरिक्ष फिल्म 'शनचो 13'
बीजिंग, 25 जून (आईएएनएस)। चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) के नेतृत्व में निर्मित चीन की पहली 8के अंतरिक्ष फिल्म 'शनचो 13' का प्रदर्शन मॉस्को फिल्म स्टूडियो सिनेमा में किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन रूसी राज्य मीडिया ग्रुप, रूस में चीनी दूतावास और सीएमजी के एशिया-यूरोप स्टेशन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इसमें चीन और रूस के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 500 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
रूस में चीन के राजदूत चांग हानहुई ने कहा कि पिछले महीने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की चीन यात्रा के दौरान दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने संयुक्त बयान में फिल्म और टेलीविजन सहयोग की उपलब्धियों की सराहना की थी। उन्होंने कहा कि 'शनचो 13' इसी सहयोग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी देशों के रूप में चीन और रूस विशाल ब्रह्मांड की खोज को लेकर समान सपने और आकांक्षाएं साझा करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि रूसी राज्य मीडिया ग्रुप लंबे समय से दोनों देशों के बीच फिल्म और टेलीविजन सहयोग को बढ़ावा देता रहा है। रूस में चीनी दूतावास भी दोनों देशों के फिल्म उद्योगों के बीच आदान-प्रदान और सहयोग के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाने का प्रयास जारी रखेगा।
रूसी संघ के राष्ट्रपति कार्यालय के जनसंपर्क एवं मीडिया विभाग के निदेशक अलेक्जेंडर युरीविच स्मिरनोव ने कहा कि रूस और चीन दोनों ही अंतरिक्ष क्षेत्र में अग्रणी हैं तथा चंद्र अनुसंधान केंद्रों और गहरे अंतरिक्ष अन्वेषण जैसे क्षेत्रों में घनिष्ठ सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र की हर उपलब्धि के पीछे अंतरिक्ष यात्रियों और जमीनी शोधकर्ताओं का साझा योगदान होता है और इन प्रयासों को वास्तविक रूप में पर्दे पर प्रस्तुत करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने याद दिलाया कि रूसी अंतरिक्ष फिल्म 'द चैलेंज' पहले चीन के 8,000 से अधिक सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जा चुकी है। उन्हें विश्वास है कि 'शनचो 13' भी रूसी दर्शकों को पसंद आएगी।
रूसी राज्य मीडिया ग्रुप की अध्यक्ष स्वेतलाना बालानोवा ने कहा कि इस अंतरिक्ष फिल्म का तकनीकी स्तर और इसका विशाल निर्माण पैमाना निर्माताओं की दूरदर्शिता को दर्शाता है। उनके अनुसार, 8के तकनीक दर्शकों को ऐसा अनुभव कराती है मानो वे शनचो 13 पर सवार 'चौथे अंतरिक्ष यात्री' हों और क्षितिज से परे मानव अन्वेषण की इस यात्रा का हिस्सा बन रहे हों। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फिल्म के प्रदर्शन से दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद और सहयोग को नई गति मिलेगी।
'शनचो 13' चीन की पहली 8के वृत्तचित्र फिल्म है, जिसकी पूरी शूटिंग अंतरिक्ष में की गई है। 'शनचो-13' मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों झाई चीकांग, वांग यापिंग और ये कुआंगफू द्वारा निर्देशित यह फिल्म अंतरिक्ष के अद्भुत और मनोरम दृश्यों को प्रस्तुत करती है। साथ ही, यह कक्षा में छह महीने के अपने प्रवास के दौरान अंतरिक्ष दल के दैनिक जीवन को भी दर्ज करती है। यह फिल्म 5 सितंबर 2025 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज की गई थी।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/