रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से हटाईं गईं 70 से ज्यादा तस्वीरें, बोले- तिरंगे की फोटो तक हटाने की नौबत आई
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी को लेकर दिल्ली के बीकानेर हाउस में विवाद सामने आया है। रेहान का आरोप है कि उनकी एकल प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ शुरू होने से कुछ घंटे पहले 70 से ज्यादा तस्वीरें हटा दी गईं। इनमें दिल्ली में हाल के महीनों में हुए विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें भी शामिल थीं। रेहान के मुताबिक, उन्हें राजनीतिक माहौल का हवाला देते हुए तस्वीरें हटाने के लिए कहा गया, जबकि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक संदेश का प्रचार करना नहीं, बल्कि घटनाओं को कैमरे में दर्ज करना था।
105 तस्वीरों में से अब करीब 40 प्रदर्शनी में मौजूद
रेहान वाड्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उनकी प्रदर्शनी में पहले 100 से ज्यादा तस्वीरें लगाई जानी थीं। इनमें से 70 से ज्यादा तस्वीरें हटाए जाने के बाद अब करीब 40 तस्वीरें ही बची हैं। उनकी प्रदर्शनी का नाम ‘नो आइडिया इज फाइनल’ है। इसमें वन्यजीव फोटोग्राफी, अमूर्त कलाकृतियों और हालिया युवा आंदोलनों से जुड़ी तस्वीरों को शामिल किया गया था।रेहान का कहना है कि विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें पिछले छह महीनों के दौरान हुई घटनाओं का दस्तावेज हैं। उनका उद्देश्य युवाओं के आंदोलनों और सड़कों पर सामने आए दृश्यों को कलात्मक नजरिए से प्रस्तुत करना था।
शाम 5 बजे तक तस्वीरें हटाने का दिया गया समय
रेहान के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे उनसे कहा गया कि यदि शाम 5 बजे तक संबंधित तस्वीरें नहीं हटाई गईं तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनी का प्रस्ताव और लेआउट पहले ही बीकानेर हाउस प्रबंधन को सौंप दिया गया था। इसके बावजूद कार्यक्रम शुरू होने से कुछ घंटे पहले तस्वीरों पर आपत्ति जताई गई।रेहान ने कहा कि उन्हें राजनीतिक माहौल का हवाला दिया गया और बताया गया कि ऐसी तस्वीरों को प्रदर्शित करने का यह सही समय नहीं है। उन्होंने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कलाकारों के काम को सेंसर किया जा रहा है।
तिरंगे की तस्वीरों को लेकर भी जताई आपत्ति
रेहान वाड्रा ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि संबंधित अधिकारी किस बात से डरे हुए हैं। उन्होंने तिरंगे की तस्वीरों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें हटाने की नौबत तक आ गई, लेकिन वह तिरंगे की तस्वीरें नहीं हटाएंगे।रेहान के मुताबिक, उनकी तस्वीरों में कोई राजनीतिक नारा या टिप्पणी शामिल नहीं थी। वे केवल बीते महीनों में हुए प्रदर्शनों को दर्ज करने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपनी प्रदर्शनी को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार तक जारी रखेंगे।
बीकानेर हाउस प्रबंधन की प्रतिक्रिया का इंतजार
इस पूरे मामले पर बीकानेर हाउस प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। ऐसे में तस्वीरें हटाने के फैसले के पीछे प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष स्पष्ट नहीं हो सका है।इस बीच, प्रदर्शनी से तस्वीरें हटाए जाने के मामले ने कलात्मक अभिव्यक्ति और प्रदर्शनी स्थलों पर सामग्री के चयन को लेकर बहस छेड़ दी है। फिलहाल ‘नो आइडिया इज फाइनल’ प्रदर्शनी रविवार तक जारी रहने वाली है।