जोआओ फोंसेका पहली बार एटीपी मास्टर्स 1000 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
मोनाको, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। ब्राजील के जोआओ फोंसेका मोंटे-कार्लो मास्टर्स में सबसे कम उम्र में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले, 2005 में 18 साल के राफेल नडाल और रिचर्ड गैस्केट ने यह उपलब्धि हासिल की थी। गुरुवार को उन्होंने अपने से 10 साल बड़े माटेओ बेरेटिनी को हराया।
19 साल के फोंसेका ने 6-3, 6-2 से जीत हासिल करते हुए चार बार सर्विस ब्रेक किया और अपनी पहली सर्विस पर सिर्फ तीन पॉइंट गंवाए। इस जीत के साथ वह एटीपी मास्टर्स 1000 स्तर पर अपने पहले क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। इसके अलावा, फोंसेका 2006 में जन्मे दूसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जो एटीपी मास्टर्स 1000 इवेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। उनसे पहले मार्टिन लैंडालूस पिछले महीने मियामी में इस स्टेज तक पहुंचे थे।
दोनों खिलाड़ियों ने अपनी सर्विस और फोरहैंड का जोर दिखाया, तो मैच में उनके बीच ज्यादा फर्क नहीं दिख रहा था। हालांकि, आठवें गेम में फोंसेका ने बेरेटिनी को बैकफुट पर धकेल दिया। नेट के पास पीछे हटते हुए, इटली के खिलाड़ी ने एक अजीब सा लॉब मारा जो नेट में फंस गया। फिर ब्रेक पॉइंट पर उन्होंने पीछे हटते हुए बेसलाइन के काफी पीछे से एक बहुत ही जोरदार फोरहैंड मारा जो नेट में फंस गया और उनकी सर्विस टूट गई। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद फोंसेका ने बिना कोई पॉइंट गंवाए सेट जीत लिया।
दूसरे सेट का सबसे अहम पल पांचवें गेम में आया। बेरेटिनी ने सर्विस ब्रेक करके स्कोर 2-2 से बराबर किया था, लेकिन अब वह खुद ब्रेक पॉइंट का सामना कर रहे थे। फोंसेका की एक आम सी क्रॉस-कोर्ट फोरहैंड वॉली नेट से टकरा गई, जिससे बेरेटिनी को कोर्ट के बीच से खाली जगह में शॉट लगाने का काफी समय मिल गया। फिर भी इटली के खिलाड़ी ने शॉट को कोर्ट से बाहर मार दिया। इस बीच, ब्राजील के खिलाड़ी फोंसेका तेजी से अपनी बाईं ओर भागे ताकि 29 साल के बेरेटिनी को फोरहैंड पर ज्यादा जोर लगाने के लिए मजबूर कर सकें।
फोंसेका 2011 में मैड्रिड में थॉमस बेलुची के बाद एटीपी मास्टर्स 1000 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले ब्राजील के पहले खिलाड़ी हैं। फोंसेका अब अगले मैच में तीसरे वरीयता प्राप्त जर्मन खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव और बेल्जियम के जिजू बर्ग्स के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगे। फोंसेका, जो मोंटे-कार्लो में अपना डेब्यू कर रहे हैं, बेरेटिनी के साथ अपनी एटीपी हेड टू हेड सीरीज को 1-1 से बराबर करने के बाद एटीपी लाइव रैंकिंग में पांच स्थान ऊपर चढ़कर 35वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, बेरेटिनी लाइव रैंकिंग में 90वें स्थान पर बने हुए हैं, जो उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ 6वें नंबर से काफी नीचे है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी