मोंटे कार्लो मास्टर्स: बेरेटिनी ने मेदवेदेव को शिकस्त देकर बनाई तीसरे दौर में जगह
मोंटे कार्लो, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मोंटे-कार्लो मास्टर्स में बुधवार को वाइल्डकार्ड एंट्री पाने वाले माटेओ बेरेटिनी ने वर्ल्ड नंबर-10 खिलाड़ी डेनिल मेदवेदेव को 6-0, 6-0 से मात देकर तीसरे दौर में जगह बना ली है। यह मैच सिर्फ 49 मिनट तक चला।
इटैलियन खिलाड़ी ने पूरे मुकाबले में मेदवेदेव पर दबदबा बनाए रखा। इस दौरान मेदवेदेव का प्रदर्शन काफी खराब रहा। वह अपनी ही सर्विस पर एक भी गेम प्वाइंट नहीं बना पाए। इस हार के साथ ऐसा पहली बार हुआ, जब इस रूसी खिलाड़ी ने टूर-लेवल का कोई मैच बिना एक भी गेम जीते गंवाया।
बेरेटिनी ने अब इस टूर्नामेंट में अपने शुरुआती दोनों मैच बिना कोई गेम गंवाए जीत लिए हैं। पहले दौर में, 29 वर्षीय खिलाड़ी ने 4-0 की बढ़त बना ली थी, जब रॉबर्टो बॉतिस्ता अगुट चोट के कारण मैच से हट गए थे।
पूर्व वर्ल्ड नंबर-6 खिलाड़ी ने पिछले साल इसी टूर्नामेंट में अलेक्जेंडर ज्वेरेव को हराने के बाद से अब टॉप-10 में शामिल किसी खिलाड़ी के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज की है। ऐसा पहली बार था जब बेरेटिनी ने टूर-लेवल पर 6-0, 6-0 से जीत हासिल की।
डेनिल मेदवेदेव, जो इस साल दुबई और ब्रिस्बेन में खिताब जीतने के बाद अपना पहला क्ले-कोर्ट मैच खेल रहे थे, इस मुकाबले में लय हासिल करने के लिए संघर्ष करते नजर आए। उन्होंने एकतरफा मुकाबले में 27 अनफोर्स्ड एरर किए। इस जीत के साथ बेरेटिनीने मेदवेदेव के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 1-3 कर लिया। अब अगले दौर में उनका सामना जोआओ फोंसेका या आर्थर रिंडरकनेच में से किसी एक से होगा।
मैच जीतने के बाद बेरेटिनी ने कहा, "मुझे लगता है कि यह मेरे जीवन के सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक था। मुझे लगता है कि पूरे मैच में मैंने सिर्फ तीन शॉट मिस किए, और डेनिल जैसे मुश्किल खिलाड़ी के खिलाफ ऐसा करना आसान नहीं होता। पहले गेम में मुझे दो ब्रेक प्वाइंट्स का सामना करना पड़ा, और उसके बाद मुझे लगा कि मैं उससे बेहतर खेल रहा हूं। मुझे ऐसी उम्मीद नहीं थी कि मैं 0-0 से जीत जाऊंगा, लेकिन मैंने अपना ध्यान बनाए रखा, क्योंकि मुझे पता है कि कभी-कभी एक या दो ब्रेक काफी नहीं होते, इसलिए मैं लगातार जोर लगाता रहा। मैं काफी लंबे समय से खेल रहा हूं, इसलिए मुझे लगा कि दूसरे सेट की शुरुआत में अपनी सर्विस बचाए रखना बहुत जरूरी है।"
--आईएएनएस
आरएसजी