×

देशभर में मानसून का कहर, हिमाचल में मलबे में दबीं गाड़ियां, यूपी-गुजरात में जलभराव, वीडियो में जाने मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

 

देश के कई राज्यों में मानसून अब रौद्र रूप दिखा रहा है। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कहीं भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गए हैं तो कहीं सड़कों और घरों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की है।

हिमाचल में भूस्खलन, नेशनल हाईवे पर मलबा

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/22WYdXn4hNg?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/22WYdXn4hNg/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में गुरुवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद चोलिंग क्षेत्र में भूस्खलन हो गया। भारी मात्रा में मलबा राष्ट्रीय राजमार्ग (नेशनल हाईवे) पर आ गिरा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मलबे की चपेट में आने से दो वाहन दब गए। राहत की बात यह रही कि किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। प्रदेशभर में लगातार बारिश के कारण फिलहाल करीब 60 सड़कें बंद हैं, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है।

उत्तर प्रदेश में तड़के बारिश, घरों में घुसा पानी

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। राजधानी लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव, जालौन समेत कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। उन्नाव में जलभराव की स्थिति सबसे अधिक गंभीर रही, जहां कई रिहायशी इलाकों में पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि नगर निकाय की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठे।

गुजरात में सड़कें बनीं तालाब, दो बच्चों को सुरक्षित बचाया गया

गुजरात के वलसाड जिले में भारी बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। सड़कों पर इतना पानी भर गया कि कई वाहन चलते-चलते बंद हो गए और लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।

वहीं, जामनगर में बारिश के तेज बहाव में दो बच्चे बह गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उधर, सोमनाथ जिले के सूत्रपाड़ा क्षेत्र में भी कई घरों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा।

मध्य प्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार

मध्य प्रदेश में इस बार मानसून ने रिकॉर्ड गति दिखाई है। महज 9 दिनों के भीतर मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने धार, बड़वानी, खरगोन और देवास जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान जताया है। इन जिलों के लिए भारी से अति भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।

उज्जैन में लगातार बारिश के कारण क्षिप्रा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी का पानी बढ़ने से प्रसिद्ध राम घाट के आसपास स्थित कई छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की है।

कई राज्यों में अलर्ट, प्रशासन सतर्क

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मानसून और अधिक सक्रिय रह सकता है। भारी बारिश को देखते हुए संबंधित राज्यों के प्रशासन को सतर्क रहने और राहत-बचाव दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से भी अपील की गई है कि वे नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें। लगातार हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव का खतरा भी बढ़ गया है।