मानसून ने पकड़ी रफ्तार: पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में पहुंचा, वीडियो में देंखे 16 राज्यों में दस्तक; कई जगह आंधी-तूफान और नुकसान
देश में मानसून ने तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। केरल में दस्तक देने के सिर्फ 6 दिनों के भीतर ही मानसून ने पूर्वोत्तर भारत के सभी राज्यों को कवर कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को मानसून मिजोरम, मेघालय, सिक्किम और पश्चिम बंगाल तक पहुंच गया, जिसके बाद अब तक कुल 16 राज्यों में इसकी एंट्री हो चुकी है।मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, गुजरात को छोड़कर देश के अधिकांश राज्यों में प्री-मानसून बारिश और बादलों का असर देखने को मिल रहा है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
बिहार में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जहां 10 जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। बेगूसराय में तेज हवाओं के चलते एक ऑटो पर बिजली का पोल गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।उत्तर प्रदेश के इटावा में भी तेज तूफान और बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया। यहां करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली, जिसके चलते 100 से अधिक जगहों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने की घटनाएं सामने आईं। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड की घटना हुई, जिसमें 5 कारें मलबे के नीचे दब गईं। राहत और बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू कर दी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश व तेज हवाओं की संभावना जताई है, जिससे कई राज्यों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।कुल मिलाकर, मानसून की तेज रफ्तार ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में नुकसान और चुनौतियां भी बढ़ा दी हैं।