×

मोल्दोवा से रेड नोटिस आरोपी अमृतपाल सिंह उर्फ गुरपाल सिंह भारत लाया गया

 

नई दिल्ली, 12 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और पंजाब पुलिस के समन्वय से रेड नोटिस के विषय अमृतपाल सिंह उर्फ गुरपाल सिंह के प्रत्यर्पण में सफलता हासिल की है। आरोपी को 12 सितंबर को मोल्दोवा से भारत लाया गया।

सीबीआई के मुताबिक, अमृतपाल सिंह पंजाब में दर्ज कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ दर्ज मामलों में हथियारों के इस्तेमाल से दोहरी हत्या, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध शामिल हैं। इसके अलावा उसके आपराधिक रिकॉर्ड में जालसाजी, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और पासपोर्ट एक्ट के उल्लंघन से जुड़े मामले भी शामिल हैं।

पंजाब पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल चैनलों के माध्यम से अमृतपाल सिंह के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। इसके बाद आरोपी की लोकेशन मोल्दोवा में ट्रेस की गई और वहां के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मोल्दोवा के अधिकारियों के समक्ष उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया गया। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोल्दोवा के अधिकारियों ने अमृतपाल सिंह को भारत प्रत्यर्पित करने की मंजूरी दे दी।

अमृतपाल सिंह उर्फ गुरपाल सिंह को भारत लाने के लिए पंजाब पुलिस की चार सदस्यीय टीम मोल्दोवा की राजधानी चिसिनाउ गई थी। पंजाब पुलिस की टीम आरोपी के साथ 12 सितंबर को दिल्ली पहुंची।

सीबीआई भारत में इंटरपोल के लिए नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में काम करती है और भारतपोल के माध्यम से देश की सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय करते हुए इंटरपोल चैनलों के जरिए सहायता उपलब्ध कराती है।

सीबीआई के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में इंटरपोल चैनलों के माध्यम से समन्वय कर 175 से अधिक वांछित अपराधियों को सफलतापूर्वक भारत वापस लाया जा चुका है।

--आईएएनएस

डीएससी