×

मोहन यादव सरकार के मंत्री ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं का किया निपटारा

 

भोपाल, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया और उनकी जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं किया जा सका, उन्हें संबंधित विभागों को निराकरण के लिए भेजा गया है।

भाजपा ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश पार्टी कार्यालय में मंत्रियों के बैठने के दिन तय किए हैं। उसी क्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह मंगलवार को पार्टी दफ्तर में बैठे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए उनकी कठिनाइयों को समझा और उन्हें जल्द से जल्द समाधान दिलाने का आश्वासन दिया।

मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्तमान में पूरी तरह हताशा की स्थिति में है। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य कांग्रेस नेताओं की भाषा असंयमित और अमर्यादित हो गई है। कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां कई बार टिप्पणी के योग्य भी नहींहोतीं, और उनकी निराशा उनके शब्दों से साफ झलकती है। कांग्रेस ने वर्षों तक देश में तुष्टिकरण और जातिवाद का जहर फैलाया, जिससे देश का विकास बाधित हुआ।

संकट के समय लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनके साथी देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े होकर देश में नकारात्मकता फैलाने का प्रयास करते हैं। आगामी समय में असम में होने वाले विधानसभा चुनाव की चर्चा करते हुए मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि इस समय कांग्रेस पार्टी की स्थिति असम चुनाव के संदर्भ में भी कमजोर है, और आने वाले चुनावों में कांग्रेस की निराशाजनक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

कांग्रेस के नेताओं को चाहिए कि वे अपनी भाषा की मर्यादा बनाए रखें और संयमित होकर देश की राजनीति में भाग लें। इस अवसर पर भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल और सहयोग सेल के सदस्य संजय नगायच भी उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी