मोहम्मद शमी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से की मुलाकात, खेलों के विकास पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान खेल जगत के विकास, युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और खेलों में अल्पसंख्यक समाज के युवाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस मुलाकात के दौरान खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, युवाओं के सशक्तीकरण और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही खेलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
लंबे वक्त से टेस्ट टीम में जगह न बना पाने के बाद मोहम्मद शमी ने 6 नवंबर को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। शमी आखिरी बार जून 2023 में इस फॉर्मेट में भारतीय टीम के लिए खेलते नजर आए थे। उन्होंने मार्च 2025 में टीम इंडिया के लिए अंतिम बार सीमित ओवरों के क्रिकेट में खेले थे।
शमी ने नवंबर 2013 में टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। इस फॉर्मेट में उन्होंने कुल 64 मैच खेले, जिसमें 27.71 की औसत के साथ 229 विकेट निकाले। इसके अलावा, बल्ले से 750 रन बनाए, जिनमें 2 अर्धशतक भी शामिल रहे। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने भारत के लिए 108 वनडे मुकाबलों में 206 विकेट झटके जबकि 25 टी20 मैच में 27 विकेट चटकाए।
आईपीएल की बात करें, तो शमी अब लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) छोड़कर राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के लिए खेलेंगे। मोहम्मद शमी को एलएसजी ने 10 करोड़ रुपए में खरीदा था लेकिन अब वह 8 करोड़ रुपए की संशोधित कीमत पर राजस्थान से जुड़ेंगे। शमी ने इस लीग में अब तक 132 मैच खेले हैं, जिसमें 145 विकेट निकाले हैं।
कुछ दिनों पहले भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। भाजपा ने दिग्गज स्पिनर को पार्टी की राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की नई कार्यकारिणी में स्पेशल इनवाइटी बनाया है।
--आईएएनएस
आरएसजी/पीएम