मोहाली मर्डर केस: आज पटियाला में होगा डिंपल का अंतिम संस्कार
मोहाली, 5 जून (आईएएनएस)। मोहाली के एक निजी कार्यालय में महिला कर्मचारी डिंपल की चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। वहीं, घटना के बाद पटियाला स्थित मृतका के घर में शोक और आक्रोश का माहौल है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को डिंपल का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मृतका की पहचान पटियाला के तोपखाना मोड़ क्षेत्र निवासी डिंपल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह करीब 28 से 29 वर्ष की थी और पिछले लगभग तीन वर्षों से मोहाली में नौकरी कर रही थी।
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी हरजिंदर मान ने कंपनी में अपनी सीट पर बैठी डिंपल पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने युवती पर करीब 25 से 30 बार चाकू से वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद पर भी 10 से 15 बार वार कर आत्महत्या की कोशिश की।
पुलिस का कहना है कि घटना की जांच सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी प्रमाणों के आधार पर की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने शाम करीब 7 बजे शिफ्ट बदलने के दौरान इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में रिश्तेदार, मित्र और स्थानीय लोग डिंपल के परिवार से मिलने पहुंचे। परिजनों ने बताया कि डिंपल बेहद शांत स्वभाव की थी और अपने दो भाइयों की इकलौती बहन थी।
परिवार का कहना है कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि डिंपल का हरजिंदर मान के साथ किसी प्रकार का संबंध या दोस्ती थी। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें पहले इसकी जानकारी होती तो दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जाता।
परिजनों ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, डिंपल के अंतिम संस्कार की तैयारियां पटियाला में की जा रही हैं और परिवार न्याय की मांग कर रहा है।
--आईएएनएस
एएमटी/एएस