मोदी युग में बदली भारत और यूपी की तस्वीर, गरीब-युवा-किसान-महिला बने विकास के केंद्र : सीएम योगी
लखनऊ, 12 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित मीडिया संवाद में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते एक दशक में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, महिला, युवा और किसान को विकास की धुरी बनाकर ऐसी नीतियां लागू कीं, जिनसे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा भी नई ऊंचाइयों पर पहुंची।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला है। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के माध्यम से बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक माहौल तैयार हुआ, वहीं महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू किया गया। इससे महिलाएं अब देश के नीति निर्माण और कानून बनाने की प्रक्रिया में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया। मुद्रा योजना के माध्यम से लाखों युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई। वहीं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा जैसी योजनाओं के जरिए पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को नई पहचान और आर्थिक मजबूती देने का प्रयास किया गया।
सीएम योगी ने कहा कि किसानों के कल्याण को केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के केंद्र में रखा गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत उत्तर प्रदेश के करीब तीन करोड़ किसान लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में गन्ना किसानों को अब तक तीन लाख 22 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी विशेषता केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, महिला, युवा और किसान को देश की वास्तविक शक्ति बताते हुए विकास की मुख्यधारा में लाने का काम किया। इसी सोच का परिणाम है कि पिछले वर्षों में देश के लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलने में सफल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहल सामाजिक परिवर्तन का आधार बनी हैं। इन योजनाओं के माध्यम से करोड़ों परिवारों को बैंकिंग सुविधा, स्वच्छ ईंधन, स्वास्थ्य सुरक्षा और पक्का आवास उपलब्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व मिलना देश का सौभाग्य है। वर्ष 2014 के बाद भारत ने जिस गति से प्रगति की है, उसका प्रभाव देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया महसूस कर रही है। आज वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत और प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।
इस अवसर पर यूपी भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार ने शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को नई पहचान दी है। जनधन खातों और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था के माध्यम से सरकारी योजनाओं में होने वाले लीकेज को प्रभावी ढंग से रोका गया है। अब योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और जनता का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ‘नागरिक देवो भवः’ की भावना के साथ कार्य कर रही हैं। सरकार ने आम नागरिक को विकास प्रक्रिया का सहभागी बनाया है और यही कारण है कि उत्तर प्रदेश आज कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना और निवेश के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर चुका है।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम