सरकार ने समाज के शोषित, वंचित और गरीब वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए: रामदास आठवले
सतारा, 13 जून (आईएएनएस)। मोदी सरकार के 12 साल पूर्ण होने पर शनिवार को महाराष्ट्र के सतारा और सांगली में केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने मीडिया संवाद के जरिए केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।
रामदास आठवले ने कहा कि वर्ष 2014 से 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर चलते हुए सरकार ने समाज के शोषित, वंचित और गरीब वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। सीधे बैंक खातों में (डीबीटी) पैसे भेजने से लेकर 81 करोड़ से ज्यादा देशवासियों को मुफ्त राशन देने तक, और 58 करोड़ से अधिक जन-धन खाते खोलने से लेकर करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने तक की यह सफलता वास्तव में अभूतपूर्व है। इसके अलावा, माताओं-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 'लखपती दीदी' योजना, उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन और अन्नदाताओं के लिए 'पीएम किसान सम्मान निधि' जैसी योजनाओं ने जमीनी स्तर पर आम नागरिकों के जीवन को आसान बनाया है और उनमें एक नया आत्मविश्वास जगाया है।
दूसरी ओर, देश के बुनियादी ढांचे में आया व्यापक बदलाव 'विकसित भारत' के संकल्प की मजबूत नींव रख रहा है। पिछले 12 वर्षों में गांवों में लगभग 4 लाख किलोमीटर पक्की सड़कों का निर्माण, तेज गति से फैलते राष्ट्रीय राजमार्ग, 164 से अधिक वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक रेलवे सुविधाएं और हवाई अड्डों की संख्या में हुई रिकॉर्ड वृद्धि यह दर्शाती है कि आज का भारत विकास की एक नई रफ्तार से प्रगति पथ पर अग्रसर है। इस भौतिक विकास के साथ-साथ, सरकार ने हमारी सांस्कृतिक चेतना और विरासत का भी संरक्षण किया है तथा 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की भावना के साथ दुनिया के सामने एक सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित भारत की नई पहचान बनाई है। 12 वर्षों का यह शानदार सफर केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के अटूट विश्वास और देश की बदलती तकदीर का एक जीता-जागता प्रतीक है।
उन्होंने एन-32 विमान हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना के एन-32 ट्रांसपोर्ट विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस दर्दनाक हादसे में हमने अपने वायुसेना के 5 जांबाज वीरों को खो दिया। मैं देश के सच्चे सपूतों स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम की शहादत को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। राष्ट्रसेवा में दिया गया उनका यह बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा। इस कठिन घड़ी में मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी