मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश, 15 लाख रुपए कीमत के 67 चोरी के मोबाइल और लैपटॉप बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
नोएडा, 5 जून (आईएएनएस)। नोएडा के फेस-1 थाने की पुलिस ने मोबाइल चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को पुलिस हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 67 मोबाइल फोन, छह मोबाइल फोन के फोल्डर, एक एचपी लैपटॉप, मोबाइल अनलॉक करने वाले उपकरण तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, फेस-1 थाने की पुलिस टीम ने शुक्रवार को सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले की पटरी से पवन और गोलू नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी नया बांस गांव, थाना फेस-1 क्षेत्र के निवासी हैं। इनके साथ एक नाबालिग भी शामिल था, जिसे पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यह गिरोह दिल्ली, नोएडा, एनसीआर और आसपास के भीड़भाड़ वाले इलाकों में सक्रिय था। वारदात को अंजाम देने के लिए किशोर चलती गाड़ी के सामने अचानक आकर चोट लगने का नाटक करता था और जोर-जोर से चिल्लाने लगता था। जब वाहन चालक गाड़ी से उतरकर स्थिति देखने जाता था, तभी दूसरा आरोपी गाड़ी की दूसरी तरफ से खिड़की खोलकर मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो जाता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी राहगीरों के मोबाइल फोन छीनने, जेब काटने तथा पीजी और बंद पड़े मकानों में चोरी की घटनाओं को भी अंजाम देते थे। चोरी किए गए मोबाइल फोन को आरोपी अपनी मजबूरी बताकर राह चलते लोगों को कम कीमत में बेच देते थे। जो मोबाइल नहीं बिक पाते थे, उन्हें आरोपी पवन लैपटॉप और विशेष उपकरणों की मदद से अनलॉक कर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच देता था।
बरामद मोबाइल फोन में 11 सैमसंग, 10 रेडमी, 10 वीवो, 9 आईफोन सहित विभिन्न कंपनियों के कुल 67 मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा, मोबाइल रिपेयरिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, वायर कटर, पेचकस, मिनी ग्राइंडर, प्लास और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है और जल्द ही इस नेटवर्क के बारे में और खुलासे होने की संभावना है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी