काजीरंगा में मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर, फुटेज में देंखे 24 लोगों की मौत; बस काटकर निकाले गए शव
असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई। यहां तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर के बाद मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री उसके अंदर फंस गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा। बस में फंसे यात्रियों और शवों को बाहर निकालने के लिए बचावकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति इतनी गंभीर थी कि बस को काटकर शवों को बाहर निकाला गया।असम सरकार के मंत्री और बोकाखाट से विधायक अतुल बोरा ने हादसे में 24 लोगों की मौत होने की जानकारी दी। हालांकि, दुर्घटना के समय मिनी बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसका आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।
तेज रफ्तार के कारण चालक ने खोया नियंत्रण
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्निल डेका ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, बचाव दल और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं।
बस काटकर बाहर निकाले गए शव
दुर्घटना के बाद कई यात्री बस के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। बस की हालत इतनी खराब हो गई थी कि सामान्य तरीके से यात्रियों को बाहर निकालना संभव नहीं था। ऐसे में बचाव दल ने विशेष उपकरणों की मदद से बस के हिस्सों को काटा और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान कई शवों को भी काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है।
मिनी बस के 12 चालान कटने की जानकारी
इस हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस के पुराने यातायात रिकॉर्ड की जानकारी भी सामने आई है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस वाहन के पहले 12 चालान कट चुके थे। इनमें से 38,500 रुपये का जुर्माना जमा कराया जा चुका था, जबकि 4,000 रुपये का एक चालान अब भी बकाया था।बताया जा रहा है कि व्यावसायिक वाहनों में निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से चलाने पर इस तरह का जुर्माना लगाया जाता है। हालांकि, हादसे की विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के सभी कारणों का पता चल सकेगा।इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।