अभिषेक बनर्जी के घर पर आधी रात हमला! जन्मदिन के दिन पत्थरबाजी और हंगामा, BJP-TMC कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, कई घायल
पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर BJP और TMC के बीच तनाव बढ़ गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे उनके कोलकाता स्थित आवास पर भाजपा समर्थकों ने हमला किया। अभिषेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना से जुड़े वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि उनके जन्मदिन के मौके पर कुछ लोग हथियार और लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान घर के बाहर पत्थरबाजी भी की गई।
अभिषेक बनर्जी ने इस घटना को अपनी जान लेने की साजिश करार देते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद वह अपने समर्थकों के साथ घर के बाहर धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते मौके पर TMC और BJP समर्थकों की भीड़ जमा हो गई। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद झड़प शुरू हो गई, जिसमें महिलाओं समेत कई लोगों के घायल होने की खबर है।
हालात बिगड़ते देख कोलकाता पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग कर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
जन्मदिन के पोस्टर लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, कोलकाता के कालीघाट स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर उनके जन्मदिन के बैनर और पोस्टर लगाए जा रहे थे। इसी दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और TMC समर्थकों के बीच विवाद शुरू हो गया।
TMC समर्थकों का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर पत्थरों और लोहे की छड़ों से हमला किया। वहीं, BJP ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपनी अलग कहानी बताई है। भाजपा का दावा है कि उसके कार्यकर्ता कुम्हारटोली से मां काली की मूर्तियां खरीदकर लौट रहे थे, तभी TMC समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया।
इस तरह दोनों राजनीतिक दल एक-दूसरे पर हिंसा शुरू करने का आरोप लगा रहे हैं।
अभिषेक बोले- मेरी जान लेने की सातवीं कोशिश
अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि पिछले छह महीनों में उनकी जान लेने की यह सातवीं कोशिश है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद से पिछले पांच महीनों में उन पर हमले की तीन घटनाएं हो चुकी हैं।
इससे पहले 30 मई को सोनारपुर में उनके ऊपर अंडे और पत्थर फेंके गए थे। इसके बाद 30 जून और 1 जुलाई की रात को उन्होंने कोलकाता स्थित अपने घर के गेट पर पत्थर फेंके जाने का आरोप लगाया था।
ताजा घटना को लेकर उन्होंने हमले के पीछे साजिश होने की आशंका जताई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
कोलकाता पुलिस की भूमिका पर भी उठाए सवाल
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि उनके घर के बाहर हमला कोलकाता पुलिस की निगरानी में हुआ। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए घटना से जुड़े सभी वीडियो सार्वजनिक करने की मांग की है।
उन्होंने कलकत्ता हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
दो दिन से घर और ऑफिस की रेकी किए जाने का आरोप
इस घटना से पहले भी अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि पिछले दो दिनों से कुछ अज्ञात लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर और कार्यालय की रेकी कर रहे थे।
अभिषेक के मुताबिक, जब इन लोगों से पूछताछ की गई तो उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया। उन्होंने मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर भी सार्वजनिक किया था।
TMC सांसद ने सवाल उठाया था कि आखिर एक सांसद के घर और कार्यालय की निगरानी किसके आदेश पर की जा रही है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कोलकाता पुलिस, केंद्रीय गृह मंत्रालय और पश्चिम बंगाल पुलिस से मामले की जांच कराने की मांग की थी।
अक्टूबर में सुरक्षा घटाने का मामला भी पहुंचा था हाईकोर्ट
अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा का मुद्दा अक्टूबर 2026 में भी चर्चा में आया था। उस समय कलकत्ता हाईकोर्ट में उनके वकील ने दावा किया था कि सुरक्षा व्यवस्था कम किए जाने के बाद उनके साथ चार घटनाएं हुई हैं।
इस मामले में अदालत ने पश्चिम बंगाल सरकार से सुरक्षा घटाने के फैसले को लेकर जवाब मांगा था।
फिलहाल अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर हुई इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। एक तरफ TMC इसे अपने सांसद पर सुनियोजित हमले की कोशिश बता रही है, वहीं BJP ने अपने कार्यकर्ताओं पर लगे आरोपों को खारिज किया है। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।