मिडिल ईस्ट संकट के बीच भारत लगातार सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है: गौरव वल्लभ
नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच भारत लगातार सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है।
नई दिल्ली में भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जिस तरह हमने कोरोना संकट को खत्म किया, उसी तरह हम इन भू-राजनीतिक तनावों को भी खत्म करेंगे। प्रधानमंत्री ने देश को बताया कि खाड़ी देशों में रहने वाले लाखों लोगों की सुरक्षा सरकार द्वारा कैसे सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने देश को यह भी भरोसा दिलाया कि पेट्रोल, डीजल और गैस की पर्याप्त आपूर्ति है। विपक्ष अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है। उनकी बातों में दम नहीं है। राज्यों को साथ लेकर टीम इंडिया की भावना से हम इस स्थिति से बाहर निकलेंगे। पीएम मोदी ने ऐसे समय में सभी को साथ मिलकर एकजुट होने का आह्वान किया है।
विपक्ष के बयान पर भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष को पता नहीं है कि ईरान के विदेश मंत्री से लगातार हमारे विदेश मंत्री की बातचीत होती है। हार्मुज से लगातार हमारे जहाज वापस आ रहे हैं। भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था बनी हुई है। विपक्ष की समस्या है कि भारत में समस्या क्यों नहीं है। दुनिया भर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि हुई है, तो भारत में क्यों नहीं हो रही है। विपक्ष की असल यही समस्या है।
उन्होंने कहा कि घरों में गैस की सप्लाई निरंतर हो रही है, इसीलिए विपक्ष बौखला गया है। देश में जब भी एकजुटता की बात होती है, तो विपक्ष देश के खिलाफ हो जाता है।
उन्होंने हिमाचल सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि हिमाचल सरकार देश को 'खटाखट मॉडल' की असलियत दिखा रही है। यह 'खटाखट मॉडल' राज्य की आर्थिक व्यवस्था को खराब कर देता है। आज, हिमाचल सरकार, जिसे राहुल गांधी लोकसभा चुनावों के दौरान 'खटाखट मॉडल' कह रहे थे—उसी 'खटाखट आर्थिक मॉडल' ने हिमाचल राज्य की आर्थिक व्यवस्था को बिगाड़ दिया है। आज, हिमाचल राज्य की आर्थिक व्यवस्था दिवालियापन की ओर बढ़ रही है। हिमाचल राज्य के पास अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं। यही है 'खटाखट मॉडल' की असलियत। देश के लिए यह मॉडल कितना खतरनाक है, इसे हिमाचल ने पूरे देश को बताया है। मैं फिर से कहना चाहता हूं कि खटाखट मॉडल देश और राज्य के लिए हानिकारक है। कांग्रेस की विचारधारा देश के लिए खतरनाक है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि जिस तरह से 'आप' को दिल्ली की जनता ने बाहर का रास्ता दिखाया, आने वाले समय में पंजाब से 'आप' की सरकार जाने वाली है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी