एमआई के लिए राहत भरी खबर, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेंगे हार्दिक पांड्या
नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस (एमआई) के लिए राहत भरी खबर आई है। टीम के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं और आरआर के खिलाफ एमआई की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे।
मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने हार्दिक पांड्या के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा अपडेट दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कोच ने बताया, "हार्दिक पांड्या मंगलवार को होने वाले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। वह चोटिल नहीं थे, बल्कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। वह अब पूरी तरह से फिट और स्वस्थ हैं।"
हार्दिक का फिट होना एमआई के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस को हार्दिक की कमी गेंदबाजी में साफतौर पर खली थी।
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 में अब तक कुल दो मुकाबले खेले हैं। पहले मैच में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया था। वहीं, दूसरे मुकाबले में एमआई को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। डीसी के खिलाफ रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को छोड़कर टीम के अन्य बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। सूर्यकुमार ने 36 गेंदों में 51 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि रोहित ने 26 गेंदों में 35 रन बनाए थे।
वहीं, गेंदबाजी में शार्दुल ठाकुर और कॉर्बिन बॉश काफी महंगे साबित हुए थे। शार्दुल ने 3 ओवर के स्पेल में 41 रन खर्च किए थे और वह कोई विकेट भी नहीं निकाल सके थे। वहीं, बॉश ने 3.1 ओवर में सिर्फ एक विकेट लेकर 39 रन दिए थे। हालांकि, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, और मिचेल सैंटनर अच्छी लय में दिखाई दिए थे। बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ 21 रन दिए थे, तो दीपक ने 20 रन देकर एक विकेट निकाला था। वहीं, सैंटनर ने 22 रन देकर एक विकेट चटकाया था।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 162 रन लगाए थे। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स ने 163 रनों के लक्ष्य को आसानी से सिर्फ 18.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम