☰
×

अहमदाबाद में तहखाने के अंदर चल रही थी एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री, वीडियो में देंखे पत्नी के साथ आरोपी गिरफ्तार; राजस्थान से ली थी ट्रेनिंग

 

गुजरात के अहमदाबाद में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और सरखेज पुलिस ने रविवार को एमडी ड्रग्स बनाने वाली एक फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। सरखेज इलाके की एक इमारत के तहखाने में यह अवैध फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान मौके से करोड़ों रुपये का कच्चा माल और 20 तरह के रसायन जब्त किए हैं। मामले में मुख्य आरोपी मुदस्सर एमएम पठान और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुदस्सर पठान ने राजस्थान में एमडी ड्रग्स बनाने की ट्रेनिंग ली थी। इसके बाद वह मध्य प्रदेश के रतलाम से नशीले पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल मंगवा रहा था। आरोपी और उसकी पत्नी पिछले करीब एक महीने से इमारत के तहखाने में ड्रग्स तैयार कर रहे थे।

तीन साल पहले शुरू किया था ड्रग्स बेचना

जांच में पता चला है कि मुदस्सर पठान खुद भी नशीले पदार्थों का आदी है। इसी लत के चलते उसने करीब तीन साल पहले ड्रग्स बेचने का काम शुरू किया था। इसके बाद कुछ समय पहले उसने खुद ही ड्रग्स तैयार करना शुरू कर दिया। इसके लिए उसने राजस्थान से प्रशिक्षण लिया और रतलाम से कच्चा माल लाने की व्यवस्था की।आरोपी की योजना तैयार की गई एमडी ड्रग्स की खेप बाजार में पहुंचाने की थी। हालांकि, पहली खेप की आपूर्ति से पहले ही एनसीबी और पुलिस को इसकी भनक लग गई। संयुक्त टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री पर छापा मार दिया और वहां मौजूद सामग्री जब्त कर ली।

खुफिया सूचना पर हुई संयुक्त कार्रवाई

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/EFR9riR3HDA?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/EFR9riR3HDA/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

अहमदाबाद जोन-7 के पुलिस उपायुक्त शिवम वर्मा ने बताया कि खुफिया सूत्रों से सरखेज इलाके में एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और सरखेज पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।टीम ने संबंधित इमारत के तहखाने में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां ड्रग्स बनाने की तैयारी चलने के सबूत मिले। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल और 20 प्रकार के रसायन बरामद किए। जब्त सामग्री की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस और एनसीबी आरोपी दंपति से पूछताछ कर रही हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रग्स बनाने के लिए कच्चा माल कहां से खरीदा जा रहा था और इस पूरे नेटवर्क में राजस्थान तथा मध्य प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों के लोगों की कोई भूमिका है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अब तक कितनी मात्रा में ड्रग्स तैयार कर चुके थे और उनके संभावित खरीदार कौन थे।