×

मई-जून में बांग्लादेश और नीदरलैंड के खिलाफ ट्राई सीरीज खेलेगी स्कॉटलैंड की महिला टीम

 

एडिनबर्ग, 31 मार्च (आईएएनएस)। स्कॉटलैंड की महिला क्रिकेट टीम आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के खिलाफ टी20 ट्राई-सीरीज खेलेंगी। ये सीरीज द ग्रेंज क्लब में मई से जून के बीच आयोजित होगी।

द ग्रेंज क्लब में होने वाली यह ट्राई-सीरीज 28 मई को शुरू होगी, जिसमें स्कॉटलैंड का मुकाबला नीदरलैंड्स से होगा। इसके बाद 30 मई को स्कॉटलैंड बांग्लादेश का सामना करेगा। 31 मई को बांग्लादेश का मुकाबला नीदरलैंड्स से होगा। यह सिलसिला 2 जून को भी जारी रहेगा, जब स्कॉटलैंड एक बार फिर बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा, उसके बाद 3 जून को स्कॉटलैंड का मुकाबला नीदरलैंड्स से होगा। इस सीरीज का आखिरी मैच 4 जून को होगा, जिसमें नीदरलैंड्स का मुकाबला बांग्लादेश से होगा।

इसी के साथ स्कॉटलैंड की महिला टीम सितंबर 2022 के बाद पहला घरेलू मुकाबला खेलेगी। तब से, टीम ने लगातार प्रगति दिखाई है। इस टीम ने लगातार दो विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने के साथ वनडे और टी20 फॉर्मेट में वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और आयरलैंड जैसी पूर्ण-सदस्य टीमों के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की है।

इस सीरीज के बाद, स्कॉटलैंड दो और वार्म-अप मैच खेलने के लिए इंग्लैंड जाएगी। इसके बाद, 13 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले के साथ अपना टी20 वर्ल्ड कप अभियान शुरू करेगी।

कप्तान कैथरीन ब्राइस को एडिनबर्ग में घरेलू फैंस के सामने खेलने का बेसब्री से इंतजार है। स्कॉटलैंड क्रिकेट की ओर से जारी एक बयान में उन्होंने कहा, "मैं अपने गृहनगर एडिनबर्ग में खेलने के इस मौके को लेकर बहुत उत्साहित हूं। पिछली बार हमने वहां 2022 में खेला था, जो अब बहुत पुरानी बात लगती है। उस समय मुझे कोविड-19 हो गया था, इसलिए मैं वह सीरीज नहीं खेल पाई थी। ऐसा मेरे करियर में पहली बार होगा जब मैं एडिनबर्ग में स्कॉटलैंड के लिए खेलूंगी, इसलिए यह बहुत रोमांचक है।"

उन्होंने कहा, "आने वाले कुछ महीने बहुत अहम होने वाले हैं, क्योंकि इसके ठीक बाद हम इंग्लैंड में टी20 वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं। इस बड़े मौके को लेकर जो उत्साह और जोश है, उसे देखते हुए उम्मीद है कि हमें देखने के लिए बहुत सारे समर्थक स्टेडियम में आएंगे। बांग्लादेश और नीदरलैंड्स दोनों ही बेहतरीन टीमें हैं, इसलिए ये मैच हमारे लिए मुख्य टूर्नामेंट से पहले तैयारियों का एक शानदार मौका होंगे। मैं स्कॉटलैंड में यहां थिसल (स्कॉटलैंड का राष्ट्रीय प्रतीक) पहनकर घरेलू दर्शकों के सामने मैदान पर उतरने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।"

--आईएएनएस

आरएसजी