×

नोएडा : मौसम विभाग के मुताबिक में आज भी होगी बारिश, दो दिनों में ही पारा जाएगा 40 के पार

 

नोएडा, 13 मई (आईएएनएस)। एनसीआर में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ नजर आ रहा है। बुधवार को भी दिल्ली-एनसीआर का आसमान बादलों से घिरा रहेगा और कई इलाकों में हल्की बारिश तथा गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 13 मई को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने आज के लिए गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। बीते कुछ दिनों से एनसीआर में मौसम सुहावना बना हुआ है। तेज धूप और लू से परेशान लोगों को बारिश और बादलों ने राहत दी है।

सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से काफी राहत महसूस हो रही है। लेकिन दूसरी ओर, बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी सामने आ रही है। ऑफिस जाने वाले लोगों और स्कूल वाहनों को धीमी रफ्तार से गुजरना पड़ रहा है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के 7 दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक, 14 मई को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद 15 मई से मौसम एक बार फिर करवट बदलने लगेगा। 15 मई को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम साफ रहेगा और गर्मी बढ़ने लगेगी। 16 मई को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं, 17 मई को पारा 41 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहेगा।

18 मई को भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 15 मई से 18 मई तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों में बादलों और हल्की बारिश का असर खत्म होने लगेगा, जिसके बाद तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को एक बार फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। खासतौर पर दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस