मॉरीशस में रेनमिनबी के अंतर्राष्ट्रीय उपयोग को बढ़ावा देने पर बैठक
बीजिंग, 25 अगस्त (आईएएनएस)। 'मॉरीशस में रेनमिनबी के अंतर्राष्ट्रीय उपयोग को बढ़ावा' विषय पर एक प्रचार कार्यक्रम सोमवार को मॉरीशस की राजधानी लुई पोर्ट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय 'चीन मॉरीशस वित्तीय संपर्क को गहरा करना, द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को उच्च गुणवत्ता वाले विकास की ओर ले जाना' था। इसमें दोनों देशों के राजनीति, व्यापार और वित्तीय क्षेत्रों से जुड़े करीब 100 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम का आयोजन बैंक ऑफ चाइना ने किया था। इस दौरान दोनों पक्षों ने चीनी मुद्रा रेनमिनबी में सीमा-पार भुगतान और निपटान, निवेश और वित्तपोषण तथा चीन मॉरीशस वित्तीय सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
बैंक ऑफ चाइना के विशेषज्ञों ने रेनमिनबी के अंतर्राष्ट्रीयकरण में हुए नवीनतम विकास, रेनमिनबी क्रॉस बॉर्डर पेमेंट सिस्टम यानी सीआईपीएस से जुड़ने के तरीकों के साथ सीमा पार एकीकृत वित्तपोषण समाधानों और उनके उदाहरणों की जानकारी दी।
इस मौके पर मॉरीशस के सेंट्रल बैंक के प्रथम डिप्टी गवर्नर राजीव हसनाह ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग लगातार गहरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि रेनमिनबी के सीमा पार उपयोग का विस्तार होने से बाजार में भाग लेने वालों को लेनदेन की लागत कम करने और धन के प्रवाह को तेज करने में मदद मिलेगी। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के लिए और अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे।
वहीं, मॉरीशस में चीनी दूतावास के वाणिज्यिक कौंसूलर वांग लेई ने कहा कि चीन वित्तीय क्षेत्र में उच्च स्तर के खुलेपन को बढ़ावा देना जारी रखेगा और रेनमिनबी के सीमा-पार उपयोग को सुविधाजनक बनाने के लिए व्यवस्थाओं में सुधार करेगा। उन्होंने दोनों देशों के वित्तीय संस्थानों से सीमा पार निपटान, व्यापार वित्तपोषण और निवेश वित्तपोषण के क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने की उम्मीद जताई।
इसी क्रम में, बैंक ऑफ चाइना के मुख्यालय के भुगतान और निपटान विभाग के उप महाप्रबंधक युन यी ने कहा कि मॉरीशस में रेनमिनबी समाशोधन बैंक के रूप में काम करते हुए बैंक ने स्थानीय डिजिटल अर्थव्यवस्था और वित्तीय बाजार के विकास में सक्रिय योगदान दिया है। इससे अफ्रीकी अपतटीय वित्तीय केंद्र के निर्माण को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि बैंक ऑफ चाइना सभी पक्षों के साथ सहयोग बढ़ाने, मॉरीशस की अपतटीय वित्तीय और कर नीतियों के साथ बेहतर तालमेल बनाने तथा अधिक चीनी उद्यमों को मॉरीशस के बाजार में प्रवेश करने के लिए प्रोत्साहित करने को तैयार है।
बैंक ऑफ चाइना के अनुसार, मॉरीशस में रेनमिनबी समाशोधन बैंक ने मॉरीशस के 'हिंद महासागर के मोती' और अपतटीय वित्तीय केंद्र के रूप में अपने भौगोलिक और वित्तीय लाभों का पूरा उपयोग करते हुए स्थानीय 11 वित्तीय संस्थानों के लिए रेनमिनबी अंतर बैंक खाते खोले हैं। वर्ष 2026 की पहली छमाही में रेनमिनबी समाशोधन की मात्रा 10 अरब युआन से अधिक रही, जिससे मॉरीशस में रेनमिनबी के उपयोग को बढ़ावा देने में मदद मिली है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/