मॉरीशस में रीनल ट्रांसप्लांट यूनिट का उद्घाटन, भारत-मॉरीशस साझेदारी का ऐतिहासिक कदम
नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। आज का यह अवसर हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि हम मॉरीशस के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में रीनल ट्रांसप्लांट यूनिट के उद्घाटन के साक्षी बन रहे हैं। भारत और मॉरीशस के बीच यह सहयोग विश्वास और गहरे संबंधों पर आधारित है। यह बात विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मॉरीशस में उद्घाटन के अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कही।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि मॉरीशस के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में रीनल ट्रांसप्लांट यूनिट का उद्घाटन एक बहुत बड़ा कदम है। यह मॉरीशस का पहला समर्पित रीनल ट्रांसप्लांट यूनिट का उद्घाटन है। यह सिर्फ एक चिकित्सा उपलब्धि नहीं है, बल्कि उम्मीद का एक पल है।
स्वास्थ्य सेवा का असली मतलब ही सम्मान और गरिमा है। इसका मतलब है कि हर व्यक्ति, चाहे उसकी परिस्थिति कुछ भी हो, उसे अच्छी स्वास्थ्य सेवा मिलनी चाहिए। आज का यह उद्घाटन इसी दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है।
विदेश मंत्री ने कहा कि मैं यह साफ-साफ कह दूं। अगर कोई चीज मॉरिशस के लिए मायने रखती है, तो वह भारत के लिए भी उतनी ही मायने रखती है। यही हमारी दोस्ती की भावना है, खासकर हेल्थकेयर में, जहां असर बहुत पर्सनल, बहुत तुरंत और बहुत गहराई से महसूस होता है।
डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि मॉरीशस सिर्फ एक साझेदार नहीं है। मॉरीशस हमारे परिवार का हिस्सा है। इस यात्रा पर आने से पहले उन्होंने मुझसे कहा था कि मैं उनका प्यार भरा नमस्कार आप सभी तक जरूर पहुंचाऊं। उनका संदेश है कि यह सिर्फ एक कूटनीतिक रिश्ता नहीं, बल्कि 'दिल का रिश्ता' है। ऐसा रिश्ता जो सिर्फ शब्दों में नहीं, बल्कि जमीन पर किए गए कामों में भी दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि दोस्तों, आज का दिन भी ऐसा ही एक मौका है, काम और उद्देश्य को दिखाने का। जो मरीज किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं, उनके लिए यह सुविधा उनकी जिंदगी बदल देने वाली है। इससे इलाज अब घर के पास हो सकेगा, अपनों के करीब। इससे परेशानी कम होगी, खर्च का बोझ कम होगा, और परिवार को ज्यादा सुकून मिलेगा। और सबसे जरूरी बात, बहुत से लोगों को एक नई जिंदगी का दूसरा मौका मिलेगा।
स्वास्थ्य सेवा का असली मतलब ही सम्मान और गरिमा है। इसका मतलब है कि हर व्यक्ति, चाहे उसकी परिस्थिति कुछ भी हो, उसे अच्छी स्वास्थ्य सेवा मिलनी चाहिए। आज का यह उद्घाटन इसी दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है।
डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि हेल्थकेयर में हमारा सहयोग और बढ़ने वाला है। प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम के हाल के भारत दौरे के दौरान, एक जरूरी स्पेशल इकोनॉमिक पैकेज की घोषणा की गई थी, और इसमें, मैं आपको बताना चाहूंगा कि हेल्थकेयर की बहुत अहम जगह है। सर शिवसागर रामगुलाम नेशनल हॉस्पिटल, एक आयुष सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, और एक वेटनरी स्कूल और एनिमल हॉस्पिटल, ये सभी आगे आने वाली चीजों का हिस्सा हैं। ये उस पार्टनरशिप का अगला चैप्टर होंगे जिसने हमेशा अच्छा काम किया है।
उन्होंने कहा कि हमारे सहयोग का एक और महत्वपूर्ण क्षेत्र विकास साझेदारी है। हम भारत-मॉरीशस सहयोग की कहानी को लोगों के रोजमर्रा के जीवन के ताने-बाने में बुना हुआ देखते हैं। महात्मा गांधी संस्थान, राजीव गांधी विज्ञान केंद्र, अटल बिहारी वाजपेयी साइबर टावर, विश्व हिंदी सचिवालय, स्वामी विवेकानंद अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र, सर्वोच्च न्यायालय भवन, ये केवल इमारतें नहीं हैं। ये ऐसी संस्थाएं हैं जो मॉरीशस में आने वाली पीढ़ियों की सेवा करेंगी।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी