मौजूदा हालात को ध्यान में रख इटली ने इजरायल के साथ रक्षा समझौते का ऑटो रिन्यू रोका : मेलोनी
रोम, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार ने मध्य पूर्व के मौजूदा हालात को देखते हुए इजरायल के साथ रक्षा समझौते के ऑटो रिन्यू को सस्पेंड कर दिया है।
कई इतालवी समाचार एजेंसियों ने मेलोनी के हवाले से कहा, "मौजूदा हालात को देखते हुए, सरकार ने इजरायल के साथ रक्षा समझौते के रिन्यूअल पर रोक लगाने का फैसला किया है।"
इस रक्षा समझौते में सैन्य उपकरणों और तकनीकी अनुसंधान का आदान-प्रदान शामिल है।
मेलोनी ने ये बयान वेरोना में एक वाइन उद्योग मेले के दौरान दिया। इस समझौते के तहत दोनों देशों के बीच सैन्य उपकरण और तकनीक पर सहयोग होता था।
ऑटो रिन्यू का मतलब किसी समझौते या सर्विस का अपने आप दोबारा चालू या आगे बढ़ जाना होता है।
न्यूज एजेंसी एएनएसए ने बताया कि पिछले हफ्ते ही इजरायल ने इटली के राजदूत को तलब किया था। इजरायली सेना द्वारा लेबनान में इतालवी यूएन शांति सैनिकों के काफिले पर चेतावनी के तौर पर गोलियों को लेकर विरोध जताया था। इस हमले में एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था, लेकिन किसी को चोट नहीं आई थी।
वहीं, विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने भी बेरूत यात्रा के दौरान लेबनान में नागरिकों पर इजरायली हमलों को अस्वीकार्य करार दिया था।
प्रधानमंत्री मेलोनी की सरकार के एक वरिष्ठ सदस्य और विदेश मंत्री ताजानी सोमवार को लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और विदेश मंत्री यूसुफ रग्गी से मिलने बेरूत गए थे।
ताजानी ने एक्स पर लिखा कि वहां "नागरिकों के खिलाफ इजरायली हमले अस्वीकार्य हैं और इसलिए वो एकजुटता व्यक्त करने" के लिए गए थे।
उन्होंने लेबनान और इजरायल के बीच संवाद को जरूरी बताते हुए "स्थायी संघर्ष-विराम" का आह्वान किया। उन्होंने कहा: "गाजा जैसी हिंसा को हर कीमत पर टाला जाना चाहिए।"
--आईएएनएस
केआर/