मथुरा में पुलिस मुठभेड़: जमीनी विवाद में फायरिंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, एक पैर में गोली लगने से घायल
मथुरा, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह पूरी कार्रवाई 5 अक्टूबर को ग्राम बाजना में जमीनी विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना के संबंध में की गई है। इस मामले में थाना हाईवे पर मुकदमा अपराध संख्या 970/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं (धारा 191(2), 191(3), 352, 351(3), 324(4), 308(2), 109(1)) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। तभी से पुलिस इन आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
थाना हाईवे पुलिस टीम को मुखबिर की ओर से सटीक सूचना मिली थी कि उक्त मुकदमे में वांछित आरोपी रोमेक्स स्कूल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से गुजरने वाले हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर ली। खुद को घिरता देख अभियुक्तों ने पुलिस दल पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने अपनी और जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से एक अभियुक्त घायल हो गया, जिसकी पहचान कनक पुत्र कमल सिंह के रूप में हुई है। घायल आरोपी को तुरंत पुलिस सुरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। एक अव्य आरोपी की पहचान करन पुत्र भूरी सिंह के रूप में की गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 2 अवैध तमंचे (.315 बोर) और 4 कारतूस कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व पंजीकृत मुकदमे और इस नई गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना हाईवे पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
डीसीएस/