मथुरा के लिए आंदोलन तेज करेगी विश्व हिंदू रक्षा परिषद, 5 नवंबर से जनजागरण अभियान
लखनऊ, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व हिंदू रक्षा परिषद की धर्म संसद में मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर से जुड़े मुद्दे को लेकर बड़ा अभियान चलाने का ऐलान किया गया है। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने बताया कि धर्म संसद में रविवार को कुल 12 प्रस्ताव पारित किए गए हैं।
इनमें मथुरा में भव्य श्रीकृष्ण मंदिर के निर्माण के लिए अभियान चलाना, ‘ब्रज स्वाभिमान’ अभियान शुरू करना, मंदिर निर्माण का विरोध करने वाली राजनीतिक पार्टियों के खिलाफ प्रदर्शन करना तथा धर्मांतरण के खिलाफ कॉल सेंटर स्थापित करने जैसे मुद्दे शामिल हैं। परिषद ने इन प्रस्तावों के जरिए सनातन धर्म से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर देशव्यापी अभियान चलाने की बात कही है।
गोपाल राय ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में दावा किया कि भारत में पहली बार कई देशों के राष्ट्रीय नेता एक मंच पर एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य दुनिया भर में सनातन धर्म के खिलाफ हो रहे हमलों के विरुद्ध एकजुट होकर काम करना है। उन्होंने कहा कि धर्म संसद में मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विवाद को प्रमुखता से उठाया गया और इस संबंध में एक प्रस्ताव पारित किया गया है। परिषद का कहना है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ईदगाह का निर्माण किया गया है और वह इसे हटाकर वहां भव्य मंदिर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है।
उन्होंने कहा कि मथुरा के मुद्दे को लेकर परिषद 5 नवंबर से जनजागरण अभियान शुरू करेगी। इसके बाद 5 दिसंबर को बड़ी संख्या में लोगों के मथुरा पहुंचने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि 5 दिसंबर को ईदगाह में हनुमान चालीसा का पाठ करने की योजना है। साथ ही, ईदगाह की सफाई कर भव्य श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही गई है। हालांकि, इस पूरे मामले से संबंधित विवाद न्यायालय में विचाराधीन है और जमीन को लेकर विभिन्न पक्षों के बीच कानूनी प्रक्रिया चल रही है।
गोपाल राय ने कहा कि यदि मामले से जुड़े पक्षकार आपसी सहमति से समाधान के लिए तैयार होते हैं तो परिषद जमीन के बदले 10 गुना तक जमीन देने के लिए तैयार है। उन्होंने इसकी तुलना अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़े समाधान से की। उनका कहना था कि विवाद का समाधान आपसी सहमति और बातचीत के जरिए भी निकाला जा सकता है, लेकिन परिषद मथुरा में श्रीकृष्ण मंदिर के निर्माण के अपने अभियान को आगे बढ़ाएगी।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी