×

मैच शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है: लखनऊ संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार

 

लखनऊ, 17 जून (आईएएनएस)। भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जा रहा है। लखनऊ पुलिस ने इस मैच के सुरक्षित और शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम किए हैं।

लखनऊ संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, "मैच के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लखनऊ पुलिस की तरफ से सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेष टीम के द्वारा स्टेडियम और आस-पास के जगहों की पूरी छानबीन करा ली गई है। सीसीटीवी और सर्विलांस का सहारा लिया गया है। स्टेडियम के आस-पास त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। इसे आंतरिक, मध्य और बाहरी तीन कॉर्नर के रूप में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था में 3 एसपी रैंक के अधिकारी, 6 एडिशनल एसपी, 16 डिप्टी एसपी रैंक के अधिकारी लगाए गए हैं और इन्हीं के नेतृत्व में पुलिस बलों की तैनाती हुई है।"

यातायात व्यवस्था पर उन्होंने कहा, "यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी व्यापक व्यवस्था की गई है। 1 एसपी, 3 एडिशनल एसपी और 8 डिप्टी एसपी रैंक के अधिकारियों की तैनाती की गई है।"

उन्होंने कहा, "दोनों टीमों को भी कड़ी सुरक्षा प्रदान की गई है। होटल से लेकर स्टेडियम तक उनके साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। करीब 3,000 पुलिस बलों को नियुक्त किया गया है। इससे मैच के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी और लोग आनंद के साथ मैच का लुत्फ ले सकेंगे। स्टेडियम में विधिवत जांच के बाद ही दर्शकों को स्टेडियम में जाने की अनुमति दी जा रही है।"

लखनऊ पुलिस की तरफ से फैंस से भी शांति व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

भारतीय टीम धर्मशाला में खेले गए वनडे सीरीज का पहला मैच जीत सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है।

--आईएएनएस

पीएके