दिल्ली की जूते की फैक्ट्री में भीषण आग, फुटेज में देंखे 4 लोगों की मौत: 2 की हालत गंभीर; बेसमेंट से शुरू हुई थी आग
दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में शुक्रवार रात एक जूते की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग लगने की सूचना रात करीब 9:30 बजे मिली। इसके बाद दमकल विभाग और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया।रेस्क्यू टीम ने फैक्ट्री से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। सभी को इलाज के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। इसके अलावा बिल्डिंग की चौथी मंजिल से पांच अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बेसमेंट से शुरू हुई थी आग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री के बेसमेंट में आग लगी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बिल्डिंग के अन्य हिस्सों तक फैल गई। फैक्ट्री में जूते-चप्पल बनाने के साथ उन्हें स्टोर भी किया जाता था। यहां रखे सामान के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है।दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और बिल्डिंग में कूलिंग प्रोसेस चलाया जा रहा है, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को खत्म किया जा सके।
चार लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर
हादसे में चार लोगों की जान चली गई। वहीं, दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। रेस्क्यू टीम ने छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला था। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। बिल्डिंग की चौथी मंजिल से भी पांच लोगों को रेस्क्यू किया गया।दिल्ली अग्निशमन सेवा के सहायक मंडल अधिकारी पारस कुमार ने बताया कि फैक्ट्री में जूते-चप्पल बनाए और स्टोर किए जाते थे। आग बेसमेंट में लगी थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल आग पूरी तरह बुझ चुकी है और कूलिंग का काम जारी है। अब बिल्डिंग के अंदर कोई व्यक्ति फंसा हुआ नहीं है।
फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ
आग लगने की असली वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं। फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा ठेकेदार और कर्मचारियों से भी जानकारी ली जा रही है।जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि आग किस वजह से लगी और फैक्ट्री में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। हादसे में चार लोगों की मौत के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन निकासी के इंतजाम भी जांच के दायरे में हैं।