☰
×

दिल्ली की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, फुटेज में देंखे 4 लोगों की मौत; 2 की हालत गंभीर, बेसमेंट से शुरू हुई थी आग

 

दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में शुक्रवार रात एक जूते की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में काम कर रहे कई लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने कई लोगों को बिल्डिंग से बाहर निकाला।जानकारी के मुताबिक, आग शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे फैक्ट्री में लगी थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग बेसमेंट से शुरू हुई और देखते ही देखते बिल्डिंग के अन्य हिस्सों तक फैल गई। फैक्ट्री में जूते-चप्पल बनाने के साथ उनका स्टोरेज भी किया जाता था। आग और धुएं के कारण अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

6 लोगों को बेहोशी की हालत में निकाला

हादसे की सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीम ने फैक्ट्री में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। इस दौरान छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।इसके अलावा रेस्क्यू टीम ने बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर फंसे पांच अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बेसमेंट में लगी थी आग, फैक्ट्री मालिक से पूछताछ

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/EVVfHMpXF0Q?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/EVVfHMpXF0Q/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

दिल्ली अग्निशमन सेवा के सहायक मंडल अधिकारी पारस कुमार ने बताया कि फैक्ट्री में जूते-चप्पल बनाने और उन्हें स्टोर करने का काम होता है। आग बेसमेंट में लगी थी। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और बिल्डिंग में कूलिंग का काम किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि रेस्क्यू अभियान के बाद अब बिल्डिंग के अंदर कोई व्यक्ति नहीं बचा है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।

ठेकेदार और कर्मचारियों से भी होगी पूछताछ

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके साथ ही ठेकेदार और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि आग किस वजह से लगी और फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।हादसे के बाद फैक्ट्री में अग्निशमन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। इस दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई, जबकि दो घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।