Maruti Suzuki ने पेश की भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार, वीडियो में जाने E85 फ्यूल पर दौड़ेगी नई WagonR
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने भारत में अपनी पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार WagonR Flex Fuel को पेश कर दिया है। यह देश में वैकल्पिक और पर्यावरण-अनुकूल ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। नई वैगन-आर 85% तक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल यानी E85 फ्यूल पर चलने में सक्षम है।
फिलहाल आम ग्राहकों के लिए नहीं होगी उपलब्ध
कंपनी ने फिलहाल इस कार को केवल फ्लीट ऑपरेटर्स और कैब एग्रीगेटर्स के लिए पेश किया है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से टैक्सी सेवाओं में किया जाएगा। यही वजह है कि कंपनी ने अभी तक इसकी कीमतों का खुलासा नहीं किया है। बताया जा रहा है कि शुरुआती चरण में यह मॉडल Ola और Uber जैसी कैब सेवाओं के बेड़े में शामिल किया जा सकता है।
डिजाइन में नहीं किया गया कोई बदलाव
नई WagonR Flex Fuel के एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। कार का लुक और स्टाइल मौजूदा वैगन-आर जैसा ही रखा गया है। हालांकि, E85 फ्यूल के अनुरूप बनाने के लिए इसके इंजन और फ्यूल सिस्टम में कई तकनीकी और मैकेनिकल बदलाव किए गए हैं।
क्या है E85 फ्यूल?
E85 एक वैकल्पिक ईंधन है जिसमें 85% एथेनॉल और 15% पेट्रोल का मिश्रण होता है। एथेनॉल गन्ने और अन्य कृषि उत्पादों से तैयार किया जाता है। इसे पारंपरिक पेट्रोल की तुलना में अधिक पर्यावरण-अनुकूल माना जाता है क्योंकि इससे कार्बन उत्सर्जन कम होता है और आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता घटती है।
पेट्रोल और CNG मॉडल से ज्यादा हो सकती है कीमत
ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक के लिए किए गए अतिरिक्त मैकेनिकल अपडेट्स के कारण WagonR Flex Fuel की कीमत मौजूदा पेट्रोल और CNG वेरिएंट्स से अधिक हो सकती है। हालांकि, कंपनी की ओर से आधिकारिक कीमतों की घोषणा अभी बाकी है।
एथेनॉल आधारित मोबिलिटी को मिलेगा बढ़ावा
केंद्र सरकार लंबे समय से एथेनॉल मिश्रित ईंधन के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। ऐसे में Maruti Suzuki की यह नई पेशकश भारत में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के विस्तार और हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में कंपनी अन्य मॉडलों के फ्लेक्स-फ्यूल संस्करण भी बाजार में उतार सकती है।