आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम के पास हादसा, शादी में जा रहे चार की मौत, कई घायल
मार्कापुरम, 3 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के मार्कापुरम क्षेत्र में शुक्रवार तड़के अमरावती–अनंतपुर राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गिद्दलूर के नल्लाबंदा बाजार के अवुला वीरक्का की शादी शुक्रवार को कंभम की पामुलेटी से होनी थी। ऑटो-रिक्शा में दुल्हन सहित परिवार के कई सदस्य सवार थे। यात्रा के दौरान वे एक मंदिर के पास रुके थे, जहां पारंपरिक रीति के तहत नारियल फोड़ने की रस्म की जा रही थी। इसी दौरान दुल्हन के दो भाई ऑटो के पीछे खड़े थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ़्तार ट्रक ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तब तक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान एक दो वर्षीय बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। घायलों को तुरंत नजदीकी कंबम सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें से कई की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान अवुला अलकनंदा (19), अवुला अंकलु (20), अवुला नागेश (17) और अवुला नागेश्वरी (2) के रूप में की है। सभी मृतक गिद्दलूर क्षेत्र के नल्लाबंडा बाजार के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में एक दो साल का बच्चा भी शामिल है, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण ट्रक चालक की तेज रफ़्तार और लापरवाही से वाहन चलाना प्रतीत होता है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक वाले की गलती सामने आ रही है। ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। आस-पास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम का भी गठन किया जा रहा है, जो पूरे मामले की जांच कर जल्द ही रिपोर्ट देगी।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम