मार्को जानसेन ने पंजाब किंग्स की सफलता का खोला राज, बोले- सही समय पर अच्छा प्रदर्शन करना जरूरी
नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज मार्को जानसेन ने आईपीएल 2026 में टीम की शानदार गेंदबाजी का राज बताया है। उनका कहना है कि टीम की सफलता का सबसे बड़ा कारण खिलाड़ियों के बीच आपसी समझ और एक-दूसरे का साथ देना है।
जानसेन के मुताबिक, भले ही इस सीजन में टीम की बल्लेबाजी ज्यादा चर्चा में है, लेकिन गेंदबाजी यूनिट ने भी उतना ही अहम योगदान दिया है। जानसेन ने पंजाब किंग्स द्वारा आयोजित किए गए वर्चुअल राउंडटेबल में 'आईएएनएस' संग बात करते हुए कहा कि आजकल टी20 क्रिकेट में लोग बड़े-बड़े छक्के और बड़े स्कोर देखना पसंद करते हैं, इसलिए बल्लेबाजों पर ज्यादा ध्यान जाता है। हालांकि, अच्छी गेंदबाजी की भी उतनी ही अहमियत होती है और लोग उसकी सराहना भी करते हैं।
इस सीजन में पंजाब किंग्स की गेंदबाजी में काफी विविधता देखने को मिली है। जानसेन ने बताया कि अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख और युजवेंद्र चहल जैसे गेंदबाजों ने मिलकर टीम को मजबूत बनाया है। सभी गेंदबाज अपनी-अपनी खासियत के साथ खेलते हैं, और यही टीम की ताकत बन रही है।
जानसेन ने कहा कि पंजाब किंग्स टीम में कोई एक तय तरीका नहीं है। हर गेंदबाज को अपनी सोच और प्लान के अनुसार गेंदबाजी करने की आजादी है। टीम मीटिंग में सभी अपनी राय रखते हैं और उसी के अनुसार रणनीति बनाई जाती है। इससे हर खिलाड़ी को आत्मविश्वास मिलता है और वह खुलकर प्रदर्शन कर पाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि टीम का माहौल काफी सकारात्मक है, जहां हर खिलाड़ी की बात सुनी जाती है। अगर कोई गेंदबाज किसी खास स्थिति में कोई अलग योजना अपनाना चाहता है, तो टीम उसका समर्थन करती है। यही वजह है कि मैदान पर भी गेंदबाज पूरे भरोसे के साथ अपनी स्किल्स दिखा पाते हैं।
पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने इस सीजन में कई मजबूत टीमों को कम स्कोर पर रोकने में सफलता हासिल की है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस जैसी टीमों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। जानसेन ने कहा कि उनके लिए सिर्फ विकेट लेना ही जरूरी नहीं है, बल्कि टीम के लिए सही समय पर अच्छा प्रदर्शन करना ज्यादा अहम है। जानसेन के अनुसार, अगर टीम इसी फॉर्म को बरकरार रखने में सफल रही, तो आगे भी अच्छे नतीजे मिलेंगे।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी