☰
×

गायत्री बिश्नोई मामले से ध्यान भटकाने के लिए एलपीयू में कराया हंगामा, मंत्री मनजिंदर सिरसा ने 'आप' पर लगाया गंभीर आरोप

 

नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सिरसा ने सोमवार को दावा किया है कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में हुए हंगामे के पीछे 'आप' का हाथ है और यह पूरी साजिश एक महिला कार्यकर्ता से जुड़े मामले से ध्यान भटकाने के लिए रची गई।

मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "एक महिला कार्यकर्ता गायत्री बिश्नोई, मनीष सिसोदिया के साथ उनके सरकारी बंगले में रह रही थीं। जब यह मसला सामने आया तो इस चीज को डायवर्ट करने के लिए लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जेन-जी पर अटैक करने के लिए दिल्ली से चार-पांच सौ लोग भेजे गए हैं, क्रिमिनल्स आइडेंटिफाई करके भेजे गए, जिन्होंने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के अंदर जाकर माहौल बिगाड़ने का काम किया।"

सिरसा ने इस दौरान पंजाब पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आखिर पंजाब पुलिस ने तीन दिन तक ऐसा उधम क्यों मचने दिया वहां पर? उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया चाहते थे कि किसी तरीके से उधम मचाकर गायत्री बिश्नोई वाले मुद्दे से बाहर निकला जाए, इसलिए एलपीयू पर हमला किया गया।

सिरसा ने कहा, "यह जेन-जी के ऊपर हमला है। हमारा जेन-जी डर में रहेगा, तो केजरीवाल जी कैसे जेन-जी ग्रो करेगा? आपको इसका जवाब देना चाहिए।"

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्रों के विरोध प्रदर्शन और हंगामे की खबरें सामने आ रही हैं। छात्रों का आरोप है कि कैंपस में बाहरी लोगों ने आकर माहौल बिगाड़ा है। अब मंत्री सिरसा के इस बयान के बाद इस पूरे मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है।

सिरसा का आरोप है कि 'आप' ने सुनियोजित तरीके से 400-500 लोगों को, जिनमें कई आपराधिक पृष्ठभूमि के लोग शामिल थे, दिल्ली से एलपीयू भेजा। उनका मकसद यूनिवर्सिटी में अराजकता फैलाना था ताकि गायत्री बिश्नोई से जुड़ा मामला मीडिया और जनता की नजरों से हट जाए।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी