×

मनप्रीत सिंह: भारत के लिए सबसे अधिक मैच खेलने वाले हॉकी खिलाड़ी, 41 साल बाद देश को दिलाया ओलंपिक पदक

 

नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। मनप्रीत सिंह की गिनती भारतीय हॉकी मेंस टीम के दिग्गज खिलाड़ियों में की जाती है। अपने इंटरनेशनल करियर में मनप्रीत उन उपलब्धियों को अपने नाम कर चुके हैं, जिसका सपना हर एक खिलाड़ी देखता है। मनप्रीत की कप्तानी में भारत ने साल 2021 (टोक्यो ओलंपिक 2020) में 41 साल का सूखा खत्म करते हुए ओलंपिक पदक जीता।

मनप्रीत का जन्म 26 जून, 1992 को पंजाब के जालंधर के पास मौजूद मीठापुर गांव में हुआ। मनप्रीत के बड़े भाई हॉकी खिलाड़ी थे, तो शुरुआत से ही उनका मन इस खेल में रम गया। हालांकि, मनप्रीत की मां नहीं चाहती थीं कि वह इस खेल में अपनी पहचान बनाए। मनप्रीत की मां हॉकी को एक खतरनाक खेल मानती थीं। हालांकि, अपने जिद, लगन और कड़ी मेहनत के दम पर मनप्रीत परिवार का विश्वास भी जीतने में सफल रहे। इसके बाद उनका दाखिला जालंधर परिवार ने सुरजीत हॉकी अकादमी में कराया और इसके बाद मनप्रीत ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

घरेलू स्तर पर अपने प्रदर्शन से धूम मचाने के बाद मनप्रीत ने टीम इंडिया की जर्सी में भी खूब नाम कमाया। साल 2014 में एशियाई खेलों में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में मनप्रीत का अहम रोल रहा। इसके अलावा 2017 में हुए एशिया कप में भी उनका प्रदर्शन दमदार रहा। 2023 और 2024 में हुए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भी मनप्रीत ने अपने दमदार खेल के बूते भारतीय टीम को शानदार जीत दिलाई।

हालांकि, मनप्रीत के करियर की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि साल 2021 में आई। टोक्यो ओलंपिक में मनप्रीत ने अपनी कप्तानी में भारतीय टीम को 41 साल बाद ओलंपिक पदक दिलाया। भारतीय टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीता। 1980 के बाद ओलंपिक खेलों में भातर की झोली में यह पदक आया।

मनप्रीत भारत की ओर से सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं। हाल ही में मनप्रीत ने भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी दिलीप टर्की (412 मैच) का रिकॉर्ड तोड़ा। साल 2019 में मनप्रीत को इंटरनेशनल हॉकी महासंघ की तरफ से 'प्लेयर ऑफ द ईयर' चुना गया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने। हॉकी के खेल में यादगार योगदान के लिए भारत के स्टार मिडफील्डर खिलाड़ी को साल 2018 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, 2021 में उन्हें मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड से भी नवाजा गया।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी