☰
×

मनोज झा की पीएम मोदी से मांग, बिहार में निवेश पर श्वेत पत्र जारी किया जाए

 

पटना, 21 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सांसद मनोज झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार के विकास, निवेश और गरीबी कम करने से जुड़े दावों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री के भाषणों को पाखंड, स्वांग और मिथ्या भाषण करार देते हुए कहा कि बिहार को लेकर किए जा रहे दावों का कोई ठोस तथ्य सामने नहीं रखा जा रहा है। मनोज झा ने प्रधानमंत्री को सार्वजनिक मंच पर आंकड़ों के आधार पर बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय, निवेश और विकास से जुड़े दस्तावेजों पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने नीतीश कुमार के शासन और एनडीए सरकार के लंबे कार्यकाल को लेकर भी सवाल उठाए।

मनोज झा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बिहार में निवेश को लेकर किस आंकड़े की बात कर रहे हैं? प्रधानमंत्री को झूठ बोलने की क्या जरूरत है, जबकि बिहार लोकतंत्र की धरती और जननी है। यह चुनाव का समय भी नहीं था, फिर भी बिहार के सामने इतने दावे क्यों किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के भाषणों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें तथ्यों के बजाय पाखंड, स्वांग और मिथ्या भाषण दिखाई देता है।

आरजेडी सांसद ने प्रधानमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि वह एक सार्वजनिक मंच चुन लें, जहां आंकड़ा बनाम आंकड़ा चर्चा हो सके। उन्होंने कहा कि बाकी सभी मुद्दों को छोड़कर केवल दस्तावेजों के आधार पर बात की जाए। इसमें प्रति व्यक्ति आय, पहले और अब की आर्थिक स्थिति की तुलना होनी चाहिए। मनोज झा ने आरोप लगाया कि बिहार को साल में एक-दो ट्रेन देकर मजदूरों को दूसरे राज्यों में भेजने वाला प्रदेश बना दिया गया है, जबकि दूसरी ओर यहां निवेश की बातें की जा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से निवेश पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की और कहा कि ऐसा कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं है।

मनोज झा ने नीतीश कुमार को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि सेतु के माध्यम से नीतीश कुमार को बांध दिया गया है और उनके सहयोगियों को यह संदेश दिया गया है कि उनकी कोई अहमियत नहीं है। उन्होंने एनडीए सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल का उल्लेख किए जाने पर सवाल उठाया कि बिहार में पिछले 20 वर्षों से किसकी सरकार रही है? इतने लंबे शासन के बाद अब केवल एक वर्ष की सरकार की उपलब्धियों की बात करना उचित नहीं है।

उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए। मनोज झा ने कहा कि विपक्षी नेता और अन्य लोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं, जहां पत्रकार उनसे कई सवाल पूछते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री से सीधे सवाल पूछने का अवसर नहीं मिलता। यही इस पूरे मामले की एक बड़ी समस्या है।

प्रधानमंत्री मोदी के उस दावे पर भी मनोज झा ने सवाल उठाया, जिसमें गरीबी रेखा से 50 करोड़ लोगों को बाहर निकालने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि यदि इतने लोगों को गरीबी से बाहर निकाल दिया गया है तो फिर उन्हें मुफ्त अनाज क्यों देना पड़ रहा है? दोनों बातें एक साथ सच नहीं हो सकतीं। प्रधानमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि इनमें से कौन-सा दावा सही है। उन्होंने देश में बढ़ती असमानता को लेकर भी चिंता जताई।

मनोज झा ने कहा कि प्रधानमंत्री को भले ही मौजूदा असमानता की चिंता न हो, लेकिन पूरे देश को इसकी चिंता है। युवाओं ने सड़कों पर उतरकर अपनी स्थिति और नाराजगी जाहिर की है। युवाओं के प्रदर्शन ने प्रधानमंत्री के सामने यह सवाल खड़ा किया है कि वह किन लोगों के प्रधानमंत्री हैं।

मनोज झा ने बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि युवाओं के लिए कोई स्पष्ट ब्लूप्रिंट दिखाई नहीं देता। उन्होंने प्रधानमंत्री के हालिया कॉर्पोरेट संबोधन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दिन प्रधानमंत्री खुद आईना देख रहे थे। उन्होंने सवाल किया कि देश के युवाओं की स्थिति और बेरोजगारी पर गंभीरता से चर्चा क्यों नहीं हो रही है। आरजेडी सांसद ने कहा कि बिहार का युवा अब विकास के नाम पर किए जा रहे दावों को पहचान चुका है। उनके मुताबिक विकास के नाम पर कुछ ट्रेनें देने और बिहार के युवाओं को गुजरात जाकर मजदूरी करने की स्थिति में छोड़ देने से प्रदेश का वास्तविक विकास नहीं हो सकता।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के युवाओं को विकास के नाम पर केवल ढकोसला परोसा जा रहा है। मनोज झा ने कहा कि अब युवा इन दावों और वास्तविक परिस्थितियों के बीच अंतर समझने लगे हैं।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी